आईपी विवि परिसर के उद्घाटन में ‘मोदी’, ‘मोदी’ के लगे नारे, केजरीवाल का संबोधन हुआ बाधित
नई दिल्ली। गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय के पूर्वी दिल्ली परिसर के उद्घाटन कार्यक्रम में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का संबोधन ‘मोदी, मोदी’ के नारे लगाए जाने की वजह से बाधित हुआ जिसके बाद आम आदमी पार्टी (आप) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कार्यक्रम में हंगामा करने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने उनके संबोधन को बाधित करने वालों पर तंज कसते हुए कहा कि अगर शिक्षा व्यवस्था में ऐसे ‘नारों’ से सुधार लाया जा सकता है तो पिछले 70 साल में ऐसा हो चुका होता। अपने संबोधन के दौरान केजरीवाल जब दिल्ली सरकार के स्कूलों में शिक्षा के मॉडल के बारे में बात कर रहे थे तभी कुछ लोग ‘मोदी, मोदी’ के नारे लगाने लगे।
उन्होंने कहा, कृपया मुझे पांच मिनट बोलने दें। मैं इस पार्टी और अन्य पार्टी के लोगों से अनुरोध करता हूं कि मुझे बोलने दें।’ संबोधन के दौरान एक बार फिर व्यवधान डालने पर उन्होंने कहा, मैं जानता हूं कि शायद आपको मेरे विचार और सोच पसंद न आएं। आप टिप्पणी कर सकते हैं लेकिन यह सही नहीं है। इस लोकतंत्र में हर किसी को बोलने का अधिकार है। आप ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के दौरान हंगामा किया लेकिन केजरीवाल ने अपने शानदार जवाब से उन्हें चुप करा दिया।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान परिसर के बाहर आप और भाजपा के कार्यकर्ता नारे लगा रहे थे। गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय का पूर्वी दिल्ली परिसर आप के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार और उप राज्यपाल वी. के. सक्सेना के बीच विवाद की नयी वजह बन गया है और दोनों पक्षों का दावा है कि वे नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन करेंगे। आप और भाजपा, दोनों ही पार्टियां एक दूसरे पर नए परिसर के लिए अनुचित श्रेय लेने का आरोप लगा रही हैं।
ये भी पढे़ं- उगाही एवं रिश्वत मामला: समीर वानखेड़े को HC से मिली बड़ी राहत, दो हफ़्तों तक गिरफ्तार नहीं कर सकेगी CBI
