गोंडा : बढ़ाई गई कोर्ट की सुरक्षा, जिला जज संग एसपी ने किया कोर्ट परिसर का निरीक्षण
अमृत विचार, गोंडा । कुख्यात गैंगेस्टर संजीव महेश्वरी उर्फ जीवा की लखनऊ हाईकोर्ट परिसर में हुई हत्या के के मामले को लेकर गोंडा पुलिस भी कोर्ट परिसर की सुरक्षा को लेकर सतर्क हो गयी है। बृहस्पतिवार को गोंडा कचेहरी की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को कचेहरी आने वाले लोगों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सुबह जिला जज बृजेंद्र मणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने कोर्ट परिसर का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

हाईकोर्ट की सुरक्षा में चूक के बाद गोंडा पुलिस बृहस्पतिवार को एक्शन में दिखी। न्यायालय के गेट पर सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढा दी गयी और गेट पक लगे मेटल डिटेक्टर को भी दुरुस्त कर दिया गया। बृहस्पतिवार को वादकारी और अधिवक्ता कचेहरी पहुंचे तो पूरा परिदृश्य बदला नजर आया। कचेहरी परिसर में जाने वाले लोगों को चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। वादकारियों को वाहन कचेहरी के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं दी गयी।

अधिवक्ताओं को छोड़कर अन्य सभी के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहा। बृहस्पतिवार की सुबह जिला जज व एसपी ने कोर्ट परिसर में लगे मेटल डिटेक्टर, स्कैनर मशीन, सीसीटीवी कंटोल रूम आदि सुरक्षा उपकरणों का निरीक्षण किया। ड्यूटी में लगे पुलिस बल को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने व सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिये गए। न्यायालय परिसर की सुरक्षा-व्यवस्था में लगे पुलिस बल को चेक कर उन्हें ब्रीफ किया गया व न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का निर्देश दिया गया।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार सिंह, स्थानीय अभिसूचना निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर राकेश सिंह, डॉग स्क्वायड की टीम व अन्य मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - गोंडा : होमगार्ड के बेटे की हत्या कर गांव के बाहर फेंका शव, पुलिस अफसरों ने किया घटना स्थल का निरीक्षण
