प्रतापगढ़ : नौकरी दिलाने के एवज में क्लर्क और एबीएसए पर पैसे लेने का आरोप, सांसद से की शिकायत
मदाफरपुर/ प्रतापगढ़, अमृत विचार। मृतक आश्रित की नियुक्ति के नाम पर बीएसए आफिस के क्लर्क और एबीएसए ने पैसे लिए। बावजूद नियुक्ति नहीं हुई तो मामले की शिकायत सांसद से की गई।
मंगरौरा ब्लाक के उच्च प्राथमिक विद्यालय मधुपुर में अनुचर पद पर कार्यरत रहे जीतलाल की मृत्यु करीब एक वर्ष पूर्व सड़क हादसे में हो गई थी। आश्रित पुत्र राहुल की नियुक्ति होनी थी,आरोप है कि क्लर्क ने नियुक्ति कराने के नाम पर रिश्वत के तौर पर 30 हजार रुपए लिए। नियुक्ति पाने के बाद सत्यापन के नाम पर निवर्तमान एबीएसए ने उससे 15 हजार रुपए लिए। जबकि पीड़ित को अभी वेतन भी नहीं मिला है। इतना कुछ होने के बाद भी जीत लाल की पत्नी को पेंशन नसीब नहीं हुई है। शिक्षकों के संगठन यूटा के माध्यम से रात्रि प्रवास के दौरान सांसद संगम लाल गुप्ता के पास मामला पहुंचा। सांसद ने कार्रवाई का भरोसा दिया।
दलित के घर भोजन कर श्रमिकों का सम्मान
मंगरौरा के मदाफरपुर में रात्रि प्रवास के दौरान सांसद संगम लाल गुप्ता ने चौपाल लगाकर जनसमस्या सुनीं। दलित कित्तू गौतम के घर भोजन कर मनरेगा श्रमिकों को सम्मानित एवं प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को किताबों का वितरण किया। संयोजन प्रधान विपिन जायसवाल ने किया।
ये भी पढ़ें -अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण भारत यात्रा का प्रतीक : डा. दिनेश
