अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण भारत यात्रा का प्रतीक : डा. दिनेश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अवध प्रान्त का संघ शिक्षा वर्ग प्रथम वर्ष संपन्न 

बाराबंकी, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रान्त का संघ शिक्षा वर्ग प्रथम वर्ष (सामान्य) का समापन समारोह गुरूवार को सरस्वती विद्या मंदिर रामसनेहीघाट के प्रांगण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय समग्र ग्राम विकास संयोजक डा.दिनेश ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत का अनुसरण कर रही है। आज पूरी दुनिया आयुर्वेद के महत्व को समझ रही है और योग दिवस मना रही है। दुनिया में भारत की कीमत बढ़ी है और भारत को देखने का नजरिया आज दुनिया में बदला है।

उन्होंने कहा कि हमारी पूजा पद्धति कोई भी हो लेकिन देश के प्रति भक्ति रखने वाले लोग चाहिए। देशभक्त व संस्कार युक्त व्यक्ति निर्माण का काम संघ करता है। अभी हाल ही में बालासोर में रेल दुर्घटना के बाद शासन और प्रशासन से पहले संघ के स्वयंसेवक सेवा कार्य के लिए वहां पहुंचे। डॉ दिनेश ने कहा कि पूज्य संतों के नेतृत्व में भारत की जो यात्रा चली है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण उसका एकमात्र प्रतीक है। 1990 में राम मंदिर आंदोलन के दौरान पूरे देश के लोग अयोध्या आए। राम मंदिर के लिए समर्पण अभियान में देश के हर गांव से सहयोग मिला।

डॉ दिनेश ने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत का निर्माण करना आज की महती आवश्यकता है। जब तक इस देश का एक भी गरीब भूखा रहेगा तब तक हमको चैन से नहीं बैठना है। इसलिए प्रत्येक शाखा को स्थानीय समस्याओं व चुनौतियों का अध्ययन करके काम करना होगा। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते बावन मंदिर अयोध्या के महंत वैदेही वल्लभ शरण महाराज ने   देश भक्ति व परमात्मा की भक्ति संघ सिखाता है। संघ का प्रत्येक स्वयंसेवक किसी संत से कम नहीं है। मठ मंदिर व धर्म की सुरक्षा संघ के कारण हो रही है। 

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अवध प्रान्त के प्रान्त प्रचारक कौशल , सह प्रांत प्रचारक संजय, प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ अशोक दुबे, प्रान्त प्रचारक प्रमुख यशोदानन्द,  सामाजिक समरसता प्रान्त प्रमुख राजकिशोर, प्रांत संपर्क प्रमुख गंगा सिंह, प्रांत के धर्म जागरण प्रमुख सुरेंद्र, अयोध्या के विभाग संघचालक गंगावत्स , वरिष्ठ प्रचारक अशोक केडिया, राज्य मंत्री सतीश शर्मा, अयोध्या सांसद लल्लू सिंह, कामाख्या धाम के चेयरमैन शीतला शुक्ल, जिला कार्यवाह डा.वी.पी.सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें -2024 में प्रदेश की सभी सीटें जीतेगी BJP : नितिन अग्रवाल

संबंधित समाचार