लखनऊ : मुख्यमंत्री से मिले भारतीय मजदूर संघ के प्रतिनिधि, जानें मुख्यमंत्री ने क्या कहा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, लखनऊ । उत्तर प्रदेश भारतीय मजदूर संघ  का एक प्रतिनिधिमण्डल आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिला। प्रतिनिधिममण्डल में प्रदेश के श्रमिक वर्ग एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर विचार किया गया और मुख्यमंत्री की ओर से सकारात्मक रूख व्यक्त करते हुए श्रमिक एवं कर्मचारी हित में समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान किये जाने का आश्वासन दिया गया है। 

मुख्यमंत्री के समक्ष विद्युत, रोडवेज, शुगर, एनएचएम, 102, 108 एम्बुलेंस सेवा तथा राज्य कर्मचारियों की समस्याओं को रखा गया। विद्युत विभाग के उन कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रमुखता से आवाज उठाया गया जिन पर एस्मा के अन्तर्गत कार्यवाही की गयी है। ऐसे सभी कर्मचारियों एवं अधिकारियों को पूर्ववत उनकी सेवा में बहाली का विषय रखा गया।

विद्युत रोडवेज एवं अन्य विभागों जहां संविदा एवं आउटसोर्स श्रमिकों का नियोजन किया गया है और ऐसे श्रमिकों का संविदाकारों एवं सेवा प्रदाता कम्पनियों द्वारा शोषण किया जा रहा है उस पर तुरन्त रोक लगाने के लिये मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में एक समिति का शीघ्र गठन करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों की नियुक्ति, वेतनमान व स्थानान्तरण एवं बीमा कवरेज के संबंध में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन किया जा रहा है। जिससे श्रमिकों/कर्मचारियों को नित्य होने वाली परेशानियों से बचाया जा सके।

विद्युत कर्मचारियों की बहाली के संबंध में मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि विभागीय मंत्री एवं अधिकारियों से वार्ता करके इसका शीघ्र समाधान किया जाय। प्रतिनिधिमण्डल में मुख्यरूप से मजदूर संघ के राष्ट्रीय मंत्री अशोक शुक्ला, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अनुपम, प्रदेश अध्यक्ष विश्वेसर राय, प्रदेश महामंत्री अनिल कुमार उपाध्याय एवं प्रदेश संगठन मंत्री राम निवास सिंह उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - लखनऊ : बिना मानचित्र मैरिज लाॅन समेत तीन भवन सील

संबंधित समाचार