बरेली: सीआईटी जांच को लेकर जंक्शन पर हंगामा
बरेली, अमृत विचार। सीआईटी पर लगाए गए आरोपों की जांच के दौरान शनिवार को जंक्शन के एडीईएन कार्यालय में हंगामा हो गया। सभी टीटीई का आरोप है कि मुरादाबाद से आई जांच टीम सीआईटी को बचाने की कोशिश कर रही है। टीम सीआईटी से पैसे लेने के बाद उनकी शिकायतों को निराधार साबित करने की …
बरेली, अमृत विचार। सीआईटी पर लगाए गए आरोपों की जांच के दौरान शनिवार को जंक्शन के एडीईएन कार्यालय में हंगामा हो गया। सभी टीटीई का आरोप है कि मुरादाबाद से आई जांच टीम सीआईटी को बचाने की कोशिश कर रही है। टीम सीआईटी से पैसे लेने के बाद उनकी शिकायतों को निराधार साबित करने की कोशिश कर रही है।
मामला यहां तक पहुंच गया कि पूछताछ के लिए बुलाए गए सभी टीईटी धरने पर बैठ गए। आरोप यह भी था कि सीआईटी ने टीटीई को मारने के लिए गुंडों को भी लगा रखा है। बीते दिनों जंक्शन के 70 टीटीई ने सीआईटी भावेश कुमार के खिलाफ मंडल अधिकारियों के लिए पत्र लिखा। इसमें भावेश पर कई गंभीर आरोप लगाए गए।
टीटीई का कहना था भावेश स्टाफ के साथ बदतमीजी करता है और महिला कर्मचारियों पर सीआईटी का ज्यादा ध्यान रहता है। उसने सरकारी कार्यालय में अपने निजी कैमरे लगा रखे हैं, जिन्हे वह खुद कंट्रोल करता है। मंडल स्तर से पहले मामले की जांच सीएमआई संजीव दुबे को सौंपी गई। मगर जब मामला नहीं सुलझा तो शनिवार को मंडल स्तर से एसीएम नरेश कुमार, एएससी को जांच के लिए भेजा गया।
मामले की जांच एडीईएन हरप्रीत के कार्यालय में हो रही थी। सीआईटी के साथ सभी टीटीई को भी बुलाया गया था। लेकिन वहां भी हंगामा शुरू हो गया। टीटीई का आरोप था कि पूछताछ के लिए केवल सीआईटी को ही अंदर बुलाया गया है जबकि उन्हें पिछले तीन घंटों से बाहर ही खड़ा किया गया है। घंटों बाद जब उन्हें कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया तो मामला बिगड़ गया।
टीटीई बोले कि अधिकारियों ने साठगांठ कर ली है। दोबारा से शिकायत लिखकर देने की बात कर रहे है। सभी टीटीई ने कागजों को फाड़कर शिकायत दोबारा लिखने की मांग पर विरोध जताया और मुर्दाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिए। इसी बीच उन्होंनें सीआईटी भावेश पर और भी कई गंभीर आरोप लगाए। उधर, सीआईटी भावेश ने इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। बोले- जो भी आरोप लगाए गए हैं, वो सच हैं या झूठ, ये अधिकारी तय करेंगे।
सीआईटी हरदोई को लड़की के साथ टीटीई लॉबी में सुलाया
टीटीई का आरोप था कि बीती 18 अगस्त को सीआईटी भावेश ने सीआईटी हरदोई को टीटीई लॉबी में एक लड़की के साथ रुकवाया था। वह टीटीई उस लड़की के साथ आपत्तिजनक स्थित में पाए गए थे। इस पूरे प्रकरण में सीआईटी भावेश का पूरा हाथ है। भावेश और सीआईटी हरदोई की आपस में गहन मित्रता है। हालांकि जब मामला नहीं सुलझा तो टीटीई ने एडीईएन कार्यालय के आगे धरना दे दिया है। उनका कहना है कि जब तक न्याय नहीं होगा वह वहां से नहीं हटेंगे।
