Kanpur Weather: तेज धूप से लोग परेशान, मौसम वैज्ञानिकों ने जताई आशंका, तीन दिन मौसम में रहेगा उतार-चढ़ाव
कानपुर में तीन दिन मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा।
कानपुर में तीन दिन मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा। 12 को आंधी के साथ बौछार पड़ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने आशंका जताई।
कानपुर, अमृत विचार। तेज गर्मी के बीच मौसम वैज्ञानिकों ने तीन दिन मौसम में बदलाव के संकेत दिए हैं। उनका मानना है कि 10 और 11 को धूल भरी आंधी चल सकती है। इसके अलावा 12 को आंधी के साथ छीँटे भी पड़ सकते हैं। उधर गुरुवार को तेज धूप के बीच पारा 39.8 डिग्री तक पहुंच गया। धूप और ऊमस के बीच सबसे अधिक प्रभावित बुजुर्ग और छोटे बच्चे हुए।
तेज गर्मी ने सूरज चढ़ते ही अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। देर रात का पारा 25 डिग्री तक उछलने से सुबह से ही लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा था। दोपहर तक आम राहगीर पसीने से तरबतर रहें। शाम तक लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली। उधर पारा चढ़ने से बहुत अधिक जरूरी काम न होने पर लोगों ने खुद को सीमित रखा। तापमान बढ़ने पर मौसम सीएसए के मौसम वैज्ञानिक एसएन सुनील पाण्डेय ने कहा कि अगले तीन दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना है। 12 को मौसम में बदलाव संभव है, लेकिन फिलहाल गर्मी में आम लोगों को राहत नहीं मिलेगी।
राहगीर हुए परेशान
तेज गर्मी से राहगीर सबसे अधिक परेशान रहें। लोगों ने पानी पीकर और सर ढक कर गर्मी से बचाव किया। उधर दोपहर में बाजारों में खरीदारी करने वालों की संख्या भी कम रहीं। शाम को बाद शहर के बाजारों में थोड़ी रौनक में इजाफा हुआ। गर्मी का असर सुबह मॉर्निंग वॉक करने वालों पर भी पड़ा। आम दिनों के मुकाबले गुरुवार को पार्कों में टहलने वालों की संख्या में कमी देखी गई।
यात्री भी हुए परेशान
गर्मी में यात्रा कर रहे आम यात्री भी बेहाल रहे। बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर यात्री गर्मी से बचाव के लिए छाया के लिए स्थान तलाशते रहे। सबसे अधिक परेशानी बस अड्डे पर ऐसे यात्रियों को हुई जिन्हें अपनी बस का लम्बा इंतजार करना पड़ा।
