बरेली: 30 बेड का आईसीयू तैयार, एक सितंबर से शुरू हो सकता है इलाज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। शहर के 300 बेड अस्पताल को शासन के निर्देश पर कोविड एल-2 और एल-3 बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 बेड के आईसीयू बनाकर तैयार कर लिए गए हैं। एडी हेल्थ का कहना है कि एक सितंबर से कोविड मरीजों का उपचार शुरू किया जा …

बरेली, अमृत विचार। शहर के 300 बेड अस्पताल को शासन के निर्देश पर कोविड एल-2 और एल-3 बनाने का काम तेजी से किया जा रहा है। इसी कड़ी में 30 बेड के आईसीयू बनाकर तैयार कर लिए गए हैं। एडी हेल्थ का कहना है कि एक सितंबर से कोविड मरीजों का उपचार शुरू किया जा सकता है। इसके लिए शासन से अनुमति की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

जिले में कोरोना संक्रमण का कहर जारी है। हाल ही में बरेली दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर के 300 बेड अस्पताल को कोविड एल- 2 और एल-3 बनाने के निर्देश दिए थे। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने काम शुरू कर दिया। यहां 90 फीसदी कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अफसरों का कहना है कि जल्द ही गंभीर मरीजों को भर्ती कर इलाज शुरू हो सकता हैं। 300 बेड अस्पताल में बनाए जा रहे कोविड एल-2 और एल-3 अस्पताल में अत्याधुनिक उपकरण लगाए हैं। यहां ऐसे मरीजों को भर्ती किया जाएगा, जो कोविड -19 संक्रमण से गंभीर रूप से ग्रसित होंगे।

30 बेड का आईसीयू पूरी तरह तैयार
शासन की ओर से 300 बेड अस्पताल के कोविड एल-2 और एल-3 अस्पताल में पहले 20 बेड का आईसीयू बनाने के निर्देश दिए लेकिन बाद में इसको बढ़ाकर 30 बेड कर दिया गया। शासन की ओर से 10 वेंटीलेटर मिले थे, जिससे आईसीयू तैयार कर लिया है। आईसीयू में वेंटीलेटर इंस्टाल कर दिए गए हैं।

एडी हेल्थ ने किया निरीक्षण
शनिवार को अपर निदेशक स्वास्थ्य डा. जावेद हयात ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सीएमएस को दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुका है, एक सितंबर से आईसीयू शुरू हो सकता है।

संबंधित समाचार