Kanpur: नींद पूरी नहीं होने व अधिक तनाव से बीमार हो रहे पुलिस वाले, कड़ी धूप में करते ड्यूटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में नींद पूरी नहीं होने व अधिक तनाव से पुलिस वाले बीमार हो रहे।

कानपुर में नींद पूरी नहीं होने व अधिक तनाव से पुलिस वाले बीमार हो रहे। कड़ी धूप में रहने से ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को अधिक दिक्कत हो रही।

कानपुर, अमृत विचार। अनियमित दिनचर्या और बिगड़ा खानपान कई समस्याओं को जन्म देते हैं। इससे सबसे ज्यादा जो चीज प्रभावित होती है वो है नींद। शहर में ज्यादातर पुलिसकर्मी नींद ना आने की समस्या से परेशान है। अधिक तनाव लेने और भीषण गर्मी में धूप में खड़े रहने की वजह से ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 

पुलिस कर्मियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पुलिस लाइन परिसर में अस्पताल बना है, जिसमें छह बेड है। वर्तमान में अस्पताल में ऐसे पुलिस कर्मी पहुंच रहे, जिनको नींद ना आने की समस्या हो गई है, जिसकी मुख्य वजह दबिश के लिए दो से तीन दिन तक जागना, सही से खानपान न करना और केस के सिलसिले से अधिक सफर करना है। वही, काम के दबाव के कारण लगभग हर पुलिस वाला तनाव में है।

दिन-रात ड्यूटी के कारण वह चिड़चिड़े हो रहे हैं। जिस कारण पुलिस वालों को बात-बात पर गुस्सा आता है। नींद ना आने पर कई पुलिस कर्मियों को नींद की गोलियां तक लेनी पड़ रही है। वही, लंबे समय तक तनाव में रहने के कारण वह डिप्रेशन का शिकार हो जाते हैं। इस समय पुलिस कर्मियों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

चिकित्सा प्रभारी डॉ.वैशाली मिश्रा ने बताया कि कड़ी धूप व गर्मी में सबसे ज्यादा परेशान ट्रैफिक पुलिस कर्मी है, जो डायरिया, सिर दर्द, बुखार, शरीर में पानी की कमी और कमजोरी से ग्रस्त हो रहे है। अस्पताल में अप्रैल से लेकर आठ जून तक करीब सौ पुलिस कर्मी बीमार होकर पहुंच चुके है। 

टीएसआई रानू सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी में चौराहे पर खड़े होकर ड्यूटी करना पड़ता है। यह देखते हुए विभाग ने धूप से बचाव के लिए ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को टोपी उपलब्ध कराने की बात कही है। 

होमगार्ड अमित सिंह ने बताया कि कड़ी धूप में चौराहे पर खड़े होने पर कई पुलिस कर्मियों व होमगार्डों को सिर दर्द की समस्या होती है। साथ ही पानी के लिए भी दिनभर परेशान होना पड़ता है। 

होमगार्ड सीता शुक्ला ने बताया कि चौराहे पर ड्यूटी करना महिला पुलिस कर्मी व होमगार्ड के लिए काफी चुनौतीपूर्ण होता है। सबसे अधिक समस्या लघुशंका की होती है।  

होमगार्ड हरि लाल पाल ने बताया कि कड़ी धूप में चौराहे पर ड्यूटी करना जोखिम भरा होता है। किसी-किसी चौराहे पर तो छाव और पानी की भी सुविधा नहीं होती, तब पूरे समय धूप में ऐसे ही गुजरता है।

संबंधित समाचार