US: फिर फंसे पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, गोपनीय दस्तावेज मामले चलेगा मुकदमा!
मियामी (अमेरिका)। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ्लोरिडा स्थित आवास पर गोपनीय दस्तावेज मिलने के मामले में उन्हें अभ्यारोपित किया गया है। इस घटनाक्रम के बाद, वह अमेरिकी इतिहास में प्रथम पूर्व राष्ट्रपति होंगे जो संघीय सरकार के आपराधिक आरोपों का सामना करेंगे। अगले हफ्ते अदालत में उनकी पेशी से पहले न्याय विभाग द्वारा इसकी सार्वजनिक घोषणा किये जाने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के लिए प्रचार अभियान इस आपराधिक अभियोजन से कई राज्यों में प्रभावित हो गया है। यदि ट्रंप को अदालत द्वारा दोषी करार दिया जाता है तो उन्हें जेल की सजा होने की भी संभावना है। हालांकि, इसके कई राजनीतिक परिणाम भी देखने को मिलेंगे।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी से उम्मीदवारी के लिए ट्रंप की उम्मीदों पर पानी फिर सकता है। उल्लेखनीय है कि वह इस दौड़ में अब तक सबसे आगे रहे हैं। न्याय विभाग ने इस अभियोग की सार्वजनिक रूप से तत्काल पुष्टि नहीं की है, लेकिन घटनाक्रम से अवगत दो व्यक्तियों ने बताया कि अभियोग में सात आपराधिक मामले शामिल हैं। इनमें से एक व्यक्ति ने बताया कि अभियोजकों ने ट्रंप के वकीलों से संपर्क किया था। इसके कुछ ही समय बाद ‘ट्रूथ सोशल’ मंच पर घोषणा की गई कि ट्रंप पर अभियोग लगाया गया है।
न्याय विभाग के लंबे इतिहास में यह अभियोग राजनीतिक रूप से सर्वाधिक जटिल मामला प्रतीत होता है। घोषणा के 20 मिनट के भीतर ट्रंप ने 2024 के राष्ट्रपति पद के चुनाव प्रचार अभियान के लिए धन जुटाना शुरू कर दिया। उन्होंने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘मैं बेकसूर हूं।’’ उन्होंने दोहराया कि यह जांच उन्हें फंसाने के लिए है। यह मामला ट्रंप के लिए एक और मुश्किल पैदा कर सकता है क्योंकि न्यूयॉर्क में भी एक मामले में उन पर अभियोग लगाया गया है और वाशिंगटन एवं अटलांटा में उनके खिलाफ अतिरिक्त जांच हो रही है, जिसमें भी आपराधिक आरोप लग सकते हैं। विशेष वकील जैक स्मिथ की महीनों की जांच के बाद यह अभियोग लगाया गया है।
स्मिथ इस बात की जांच कर रहे थे कि क्या ट्रंप ने सैकड़ों गोपनीय दस्तावेज अपने पाम बीच आवास ‘मार-ए-लागो’ में ले जाकर कानून तोड़ा या रिकॉर्ड हासिल करने के सरकार के प्रयास में बाधा डाली। अभियोजकों ने कहा कि ट्रंप व्हाइट हाउस से जाने के बाद तकरीबन 300 गोपनीय दस्तावेज अपने ‘मार-ए-लागो’ आवास ले गए। इनमें करीब 100 वो दस्तावेज भी शामिल थे जिन्हें पिछले साल अगस्त में संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने उनके आवास की तलाशी के दौरान जब्त किए थे।
ये भी पढ़ें:- नेपाल के सुप्रीम कोर्ट ने प्रधानमंत्री ‘प्रचंड’ के खिलाफ सुनवाई पर जताई सहमति
