Banda News : साली से अवैध संबंधों पर जीजा ने ससुर के साथ मिलकर किया था नरसंहार, जानें- पूरा मामला

बांदा में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया।

Banda News : साली से अवैध संबंधों पर जीजा ने ससुर के साथ मिलकर किया था नरसंहार, जानें- पूरा मामला

बांदा में लगभग दो माह पहले गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग गांव में हुए नरसंहार का शनिवार को पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बांदा, अमृत विचार। लगभग दो माह पहले गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर बुजुर्ग गांव में हुए नरसंहार का शनिवार को पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपी जीजा के मायके में रह रही शादीशुदा साली से अवैध संबंध थे। पति के विरोध करने पर जीजा ने अपने ससुर के साथ मिलकर नरसंहार की वारदात अंजाम दी। घटना में शामिल मुख्य आरोपी अभी फरार है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। 

बड़ोखर बुजुर्ग गांव निवासी चुन्नू अपनी पत्नी कैलशिया व भाभी तेजनिया और पोता प्रियांशु के साथ 15 अप्रैल की रात खाना खाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच घर में घुसे अज्ञात लोगों ने चारों लोगों की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। घटना के समय मृतक चुन्नू का पुत्र बालेंद्र अपनी बहन के घर फसल की कतराई कराने गया हुआ था।

घटना के बाद से पुलिस नरसंहार का खुलासा करने में जुटी रही। लेकिन सफलता नहीं मिल रही थी। शनिवार को पुलिस ने सुरागरसी करने के बाद मृतक चुन्नू के समधी रामबहोरी निवासी गयाप्रसाद का पुरवा को खुरहंड बाजार टैक्सी स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। उसका बड़ा दामाद गंगासागर पुत्र रामपाल निवासी पहाड़ी चित्रकूट मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आला कत्ल बांका और हत्या के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े बरामद कर लिए।

पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि मृतक चुन्नू की बहू अनीता अपनें बड़े बहनोई गंगासागर से फोन पर बातचीत करती थी। इसको लेकर अनीता का पति बालेंद्र विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनो पति पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। विवाद के चलते अनीता दो वर्ष से अपने मायके में रह रही थी।

पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि विगत होली पर बालेंद्र और अनीता के बहनोई गंगासागर के बीच विवाद भी हुआ था। आपसी मनमुटाव को लेकर रामबहोरी ने अपने दामाद गंगासागर के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। आरोपियों को यह जानकारी थी कि घर पर चुन्नू का पुत्र बालेंद्र नहीं है। घटना वाले दिन रामबहोरी ने अपने मृतक समधी चुन्नू को बताया था कि वह और उसका दामाद गंगासागर घर आ रहे हैं।

मौका पाते ही दोनो लोगों ने पहले चुन्नू, उसकी पत्नी कैलशिया, भाभी तेजनिया की धारदार हथियार से हत्या कर दी। यह मंजर देख प्रियांशु डर के मारे छत पर छिप गया था। आरोपियों ने उसे भी खोजकर छत में मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष गिरवां संदीप तिवारी, उप निरीक्षक दान बहादुर पाल, उप निरीक्षक सतीश कुमार शुक्ला, कांस्टेबल सुरजीत आदि शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- Banda Murder : घरेलू विवाद बना काल, पति ने पत्नी की सांग घोंप कर की हत्या, खून से लथपथ महिला कराहती रही… हो गई मौत