अयोध्या : 365 दिन में भी नहीं बन सकी दस किलोमीटर की सड़क 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बीकापुर और मिल्कीपुर तहसीलों को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग का हाल 

अयोध्या, अमृत विचार। बीकापुर और मिल्कीपुर तहसीलों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग का निर्माण 365 दिनों में भी पूरा नहीं हो सका है। प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से बनाए जा रहे इस संपर्क मार्ग पर दो कदम चलना भी दुश्वार है। 
 

बीकापुर तहसील के देवसिया पारा से इनायतनगर के आस्तीकन राजाबाबा तक सड़क का निर्माण कार्य पिछले एक वर्ष से अधिक समय से चल रहा है। बताया गया कि विभाग द्वारा मार्ग निर्माण के लिए जो समय सीमा निर्धारित की गई थी, वह भी बीत गई, लेकिन सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो पाया। जद्दोजहद के बाद रूरूखास से रेवतीगंज तक मार्ग चलने लायक बना दिया, लेकिन रेवतीगंज के आगे से आस्तीकन तक रोड पर बड़ा-बड़ा बोल्डर बिछा कर छोड़ दिया है। यह स्थिति राहगीरों को काफी समय से झेलनी पड़ रही है।  

बीकापुर के जयलाल मिश्र के पुरवा के पास विभाग द्वारा लगाए गए बोर्ड के मुताबिक मार्ग की लंबाई 11.050 किलोमीटर और कार्य पूर्ण होने की तिथि 24 मई 2023 तय की गई है। मार्ग के निर्माण में तकरीबन 658.50 लाख रुपए के खर्च आने का अंदाजा है। मार्ग निर्माण का ठेका में० सन कंस्ट्रक्शन कंपनी बस्ती के नाम से होना लिखा है। अब लापरवाही का आलम यह है कि इस मार्ग के निर्माण कार्य को देखने के लिए लगाए गए विभागीय जेई आज तक नहीं दिखे। 

जहानपुर निवासी अवधेश सिंह ने कहा कि इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण में घोर लापरवाही की जा रही है। घुरेहटा के रहने वाले योगेन्द्र कुमार ने कहा कि दस किलोमीटर मार्ग बनाने में साल भर बीत गया। राकेश कुमार ने कहा मार्ग खराब होने की वजह से लोग अगल बगल के खेत खलिहानों व गांव की पगडंडियों से आ जा रहे हैं।

ये भी पढ़ें - पाक कुरान पढ़ना हर मुसलमान पर फर्ज : मौलाना वसीम

संबंधित समाचार