अयोध्या : शाम 7 से रात एक बजे तक सर्वाधिक लोड, 44 मिलियन यूनिट पहुंची खपत
गर्मी के करंट से लगा बिजली को झटका, रोजाना फुंक रहे ट्रांसफार्मर
अमृत विचार, अयोध्या। मध्यांचल विघुत वितरण निगम के ट्रांसमिशन विभाग के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। महज दो महीने में ही जिले में बिजली की खपत 10 फीसदी से अधिक बढ़ गई है। इसे लेकर एक ओर जहां ओवरलोड की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है वहीं लाइन लास में भी इजाफा का खतरा मंडरा रहा है। यही कारण है कि रोजाना ट्रांसफॉर्मरों के फुंकने आदि की घटनाएं सामने आ रही हैं।
गर्मी व उमस बढ़ने के साथ ही बिजली खपत काफी बढ़ गई है। अप्रैल महीने के सापेक्ष मई माह में नौ मिलियन यूनिट ज्यादा बिजली खपत हुई है। जिम्मेदार अधिकारियों की मानें तो वर्तमान समय में बदले तेज गर्मी के मौसम में एक दिन में बिजली खपत डेढ़ मिलियन यूनिट से बढ़कर लगभग दो मिलियन यूनिट तक पहुंच गई है। यदि गर्मी के यही तेवर ऐसे ही रहे तो आने वाले समय में इसमें और बढ़ोतरी होगी। बता दें कि मौसम का मिजाज तल्ख होने के साथ ही जिले के लोग उमस और गर्मी से बेचैन हो रहे हैं। गर्मी से बचाव के लिए कूलर, पंखा, एसी धुआंधार चलाया जा रहा है, जिससे बिजली के खर्च में भी काफी इजाफा हो गया है।
उच्चाधिकारियों के अनुसार अप्रैल माह में जिले में 35 मिलियन यूनिट बिजली की खपत हुई थी। जो मई माह में ही बढ़ गई। मई माह में नौ मिलियन यूनिट अतिरिक्त बढ़कर 44 मिलियन यूनिट बिजली खर्च हुई है। जून में यह खपत और बढ़ने का अनुमान है। कारण, लोग गर्मी से अपने आप को बचाने के लिए जमकर बिजली का उपयोग कर रहे हैं। यहां आंकड़ा फिलहाल लगभग दो मिलियन प्रतिदिन तक जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार यदि मौसम का मिजाज नहीं बदला तो महीने की औसत खपत लगभग दो मिलियन यूनिट प्रतिदिन के हिसाब से आएगी।
फाल्ट बढ़ने से ज्यादा हो रही बिजली कटौती
जिले के तमाम स्थानों पर अभी भी पुरानी जर्जर लाइनों के भरोसे विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चल रही है। विभागीय लोगों की मानें तो इन जर्जर लाइनों पर लोड बढ़ने की वजह से फाल्ट हो रहा है, जिसे सही करने के लिए संबंधित उपकेंद्र से जब तक फाल्ट सही न हो जाए तब तक विद्युत आपूर्ति बाधित करना पड़ता है। लाइन में आए फाल्ट को सही करने के बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल हो पाती है। ट्रांसफार्मर भी ओवरलोड हो रहे हैं। इतना ही नहीं उपकेंद्रों पर लगी मशीनें भी ओवरहीट होकर ट्रिप कर रही हैं। शुक्रवार और शनिवार को मिला कर चौक, अमानीगंज, नाका, लालबाग आदि उपकेंद्रों में आयल सर्किल ब्रेकर में शिकायतें आई हैं।
एसडीओ ने दी सलाह
भीषण गर्मी के कारण खपत और लोड दोनों बढ़े हैं। मई व जून में बढ़े आकड़े सामने आए हैं। गर्मी ऐसी ही रही तो खपत और भी बढ़ेगी। लोगों को जरूरत के लिहाज से बिजली इस्तेमाल करनी चाहिए।
- राहुल ओझा, एसडीओ, ट्रांसमिशन, मध्यांचल विघुत वितरण निगम
ये भी पढ़ें - लखनऊ : नकल करने वाले को सात और सॉल्वर गैंग को 14 साल की सजा दिलाने की तैयारी में योगी सरकार
