लखनऊ: पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए युवक ने की आत्महत्या, जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/ मलिहाबाद, अमृत विचार। रहीमाबाद थानाक्षेत्र अन्तर्गत गहदों गांव में एक युवक ने पुलिस पर प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजवाया है। वहीं मृतक की मां ने पुलिसकर्मियों पर रिश्वत मांगने का भी आरोप लगाया है। 

रहीमाबाद थानाक्षेत्र अन्तर्गत गहदों गांव निवासी महादेव के बेटे मनीष उर्फ मयंक और आशीष (22) के खिलाफ शिवपुरी ससपन गांव के रहने वाले श्यामलाल ने वर्ष 2022 को घर में घुसकर मारपीट करने का मुकदमा दर्ज कराया था। दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, श्यामलाल ने बताया कि कि सात वर्ष पूर्व महादेव ट्रेसर्ड से उन्होंने मकान बनाने के लिए सात हजार रुपये की उधार सामग्री खरीदी थी।

जिसमें उसने पांच हजार रुपये का भुगतान दिया था, लेकिन 28 सितम्बर 2022 को मनीष और आशीष ने घर में घुसकर उससे हाथापाई की थी। इस मामले में महादेव के बेटे मनीष और आशीष आरोपित थे। आशीष की मां सुशीला ने बताया कि उनका बेटा सविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा था। इस मामले में रहीमाबाद थाने में तैनात पुलिसकर्मी बेटे आशीष को परेशान कर रह रहे थे। आहत होकर बेटे ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आशीष ने सुसाइट नोट में स्पष्ट लिखा है कि उसकी मौत का कारण नन्दू विश्वकर्मा, श्यामलाल, राजमणि, लल्लन पाल व सिपाही मोहित शर्मा हैं। 

पुलिसकर्मियों पर रिश्वत लेने का आरोप
मृतक की मां सुशीला ने बताया कि उसके पति महादेव की मौत हो चुकी है। वर्ष 2018 में माल थाने में उनके खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है। थाने का बंटवारा होने के बाद रहीमाबाद थाने मे ग्राम बकतौरीपुर ससपन निवासी नन्दू विश्वकर्मा ने ग्राम शिवपुरी निवासी श्यामलाल से एक 28 सितम्बर 2022 को आशीष व मनीष के विरूद्ध फर्जी मुकदमा दर्ज कराया था। जिसकी जांच रहीमाबाद थाने मे तैनात राजमणि कर रहे थे। उनका आरोप है कि दरोगा साथी पुलिसकर्मी लल्लन पाल व सिपाही मोहित शर्मा ने मुकदमे को हल्का करने के लिये 50 हजार रूपयों की मांग की थी।

मांग पूरी न होने पर वह आशीष को प्रताड़ित करते थे। प्रताड़न से तंग आकर आशीष ने घर पर फंदा लगाकर जान दे दी। एसीपी मलिहाबाद वीरेन्द्र विक्रम ने बताया की मृतक की मां ने पुलिसकर्मियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत की है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर की जांच कराकर दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-अयोध्या: 15 हजार से ज्यादा है सैलरी तो भी अधिक पेंशन के लिए पात्र, EPFO ने संशय से उठाया पर्दा, कहा- जल्द करें आवेदन

संबंधित समाचार