लखनऊ: सगी बहनों को तीन तालक देकर घर से निकाला, पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। मड़ियांव थानाक्षेत्र अन्तर्गत दो सगी बहनों ने ससुराल पक्ष वालों के खिलाफ लिखित शिकायत देते रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उन्हें तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। नाते-रिश्तेदारों ने सुलह का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पीड़िताओं ने मड़ियांव थाने में डीपी एक्ट के अलावा मुस्लिम विवाह सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया है।

रहीमनगर डुडौली निवासी शबा का निकाह वर्ष 2020 को मदेयगंज थानाक्षेत्र के खदरा बड़ी पकरिया के रहने वाले अरमान से हुआ था। चार दिन बाद शबा की बहन शोएबा का निकाह देवर गुलफाम से हो गया। एक ही परिवार मे आकर दोनों बहने देवरानी-जेठानी बन गई। शबा ने बताया कि शुरूआती दौर में सब ठीक-ठाक चलता रहा। इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग कम दहेज का ताना देकर दोनों बहनों को प्रताड़ित करने लगे और उन पर एसिड फेंकने की भी धमकी देने लगे।

इसी बीच शबा को जानकारी हुई कि अरमान और गुलफाम सट्टा कारोबार करते है। यही उनकी आमदनी का जरिया है। शबा ने बताया कि सट्टा कारोबार में दोनों भाईयों को घाटा हो गया। इसके बाद वह दोनों मायके से रूपये मांग कर लाने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर आरोपित भाईयों ने दोनों बहनों को तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। मायके पहुंचे पर बहनों ने परिजनों को आपबीती सुनाई।

करीब एक साल तक नाते-रिश्तेदार सुलह का प्रयास करते रहे लेकिन बात नहीं बनीं। इसके बाद दोनों ही बहनों ने मड़ियांव थाने में लिखित शिकायत देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। मड़ियांव प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें:-मोदी प्रधानमंत्री ना बनते तो 9 वर्षो में देश की क्या स्थिति होती, लखनऊ में बोले मनोज तिवारी

संबंधित समाचार