लखनऊ : चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ की बैठक में हुआ निर्णय,14 जून को महानिदेशक को सौंपेगें ज्ञापन, जानें वजह
लखनऊ, अमृत विचार। चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के पदाधिकारियों ने सोमवार को बैठक कर कर्मचारियों को कार्यमुक्त करने और स्थानांतरण प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुये अपना आक्रोश व्यक्त किया है। साथ ही जल्द ही इस पर सुनवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी जारी की है। बलरामपुर अस्पताल स्थित राजकीय नर्सेज संघ के कार्यालय में आयोजित इस बैठक में कई फैसले लिये गये हैं। इस बैठक में चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के अन्य संगठनों ने भी हिस्सा लिया है।
दरअसल, प्रदेश स्थित सभी जिला चिकित्सालय को उच्चीकृत कर मेडिकल कॉलेज बनाए जाने से चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को कार्यमुक्त किए जाने का घोर विरोध चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ कर रहा है। इसके अलावा 2022-23 में जो स्थानांतरण विभाग की लापरवाही के कारण हुये थे। जिसमें दांपत्य नीति से अच्छादित, विकलांग, गंभीर बीमारी एवं मान्यता प्राप्त संघ के पदाधिकारियों का स्थानान्तरण शामिल था। उसका आज तक संशोधन नहीं हो सका , इतना ही नहीं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में मेडिकल कॉलेज बनने से पूरे वर्ष निरंतर स्थानांतरण की प्रक्रिया जारी है।
चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ की सरकार से मांग है कि मेडिकल कॉलेज से कार्यमुक्त किये जा रहे कार्मिकों को पद सहित सबको एक साथ कार्यमुक्त किया जाए। साथ ही निजी अनुरोध को छोड़कर कोई भी स्थानांतरण चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग में न किया जाये।
बताया जा रहा है कि बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए है जिसमें 14 तारीख को महानिदेशक से मिलकर ज्ञापन देने का निर्णय महत्वपूर्ण रहा है। ज्ञापन देने के बाद भी यदि संघ की मांगे नहीं मानी गयी तो 20 जून से काला फीता बांधकर सरकार की स्थान्तरण नीति का विरोध संघ की तरफ से किया जायेगा। इसके बाद भी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो बाध्य होकर दिनांक 24 जून से 2 घंटे का कार्य वहिष्कार के लिए कार्मिक विवश होंगे।
बैठक में डॉ. अमित सिंह, अध्यक्ष महासंघ एवं महामंत्री पीएमएस डॉ. केके सचान,संदीप बडोला डीपीए,कमल श्रीवास्तव, महामंत्री एल टी एशोसिएशन, सुनील कुमार एल टी एशोसिएशन,दीलीप कुमार एक्स-रे एशोसिएशन, अरविंद वर्मा,जेके सचान, फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एशोसिएशन, अशोक कुमार महामंत्री राजकीय नर्सेज संघ, गितांशु वर्मा राजकीय नर्सेज संघ, उमेश मिश्रा डीपीए, संजय कुमार रावत स्वास्थ्य विभाग मिनिस्ट्रीयल एशोसिएशन, श्रवण सचान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सर्वेश पाटिल, सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ उत्तर प्रदेश,रेनू पटेल उपाध्यक्ष, स्मिता मौर्या,कपिल वर्मा जिला अध्यक्ष चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ, रजत यादव जिलाध्यक्ष समेत कई लोग उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : Career : खेल भी है अच्छा करियर ऑप्शन, जानें क्या कहते हैं जूनियर एशिया कप जीतने वाले खिलाड़ी
