रबड़ फैक्ट्री प्रकरण: बॉम्बे हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान राज्य सरकार को लगा फिर झटका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रबड़ फैक्ट्री केस में सोमवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान राज्य सरकार को फिर झटका लगा। सुनवाई में अलकेमिस्ट एसेट्स रि-कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिवक्ता नहीं पहुंचे। जबकि राज्य सरकार की ओर से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल अनिल सी कुमार और हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश पाटिल कोर्ट में उपस्थित हुए थे। प्रशासन की ओर से यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक संतोष कुमार भी गए थे लेकिन तारीख मिलने से सभी को निराशा हाथ लगी।

हाईकोर्ट की बेंच ने सुनवाई के लिए 22 जून की तारीख नियत की है। 18 अरब से अधिक कीमत की भूमि की लड़ाई जीतने के लिए हाईकोर्ट में 2020 से सुनवाई चल रही है लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी माह में रबर फैक्ट्री केस में सुनवाई के लिए तीन तारीखें लगी हैं। जून में पहले 6 और फिर 12 की तारीख लगी थी। फैसला सुरक्षित रखे जाने के बाद लगातार तारीखें पड़ने को लेकर जिला प्रशासन के अफसरों में बेचैनी बढ़ गई है। रबर फैक्ट्री केस में शासन निगरानी कर रहा हौ। प्रमुख सचिव औद्योगिक स्पष्ट निर्देश दे चुके हैं कि मजबूत पैरवी करें।

बॉम्बे हाईकोर्ट में पिटीशन संख्या 999/2020 अलकेमिस्ट एसेट्स रिकंस्ट्रक्शन लिमिटेड बनाम मैसर्स सिंथेटिक एंड केमिकल्स लिमिटेड और अन्य में शासन की ओर से हस्तक्षेप आवेदन दाखिल है। उसके बाद से सुनवाई चल रही है। रबड़ फैक्ट्री के लिए 1960 के दशक में मुंबई के सेठ किलाचंद को राज्य सरकार की ओर से फतेहगंज पश्चिमी में 1382.23 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई थी। तत्कालीन उत्तर प्रदेश सरकार ने 3.40 लाख रुपये लेकर जमीन लीज पर दी थी। जो लीज डीड बनी थी, उसमें यह शर्त शामिल थी कि जब फैक्ट्री बंद होगी तब राज्य सरकार जमीन वापस ले लेगी, लेकिन ऐसा हो नहीं पाया था। फैक्ट्री 15 जुलाई 1999 से बंद है।

14 जून को अग्रसेन पार्क में कर्मचारियों की बैठक होगी
ऑफिशियल लिक्विडेटर (आधिकारिक परिसमापक) बाम्बे हाईकोर्ट ने रबर फैक्ट्री के 1432 कर्मचारियों के जिस डाटा को सही माना है। उसी डाटा के आधार पर सभी कर्मचारियों को एक फार्म भेजा है जिसे कर्मचारियों को भरकर जमा करना है। फार्म के संबंध में कर्मचारियों को जानकारी देने और बॉम्बे हाईकोर्ट में विचाराधीन केस की स्थिति से अवगत कराने के लिए 14 जून को अग्रसेन पार्क रामपुर गार्डन में शाम 5 बजे बैठक बुलाई गई है, जिसमें कर्मचारियों से बैठक में शामिल होने के लिए अशोक कुमार मिश्रा ने अपील की है।

ये भी पढे़ं- बरेली: आईजीआरएस निस्तारण में जिले के 12 थाने अव्वल, पुलिसकर्मी सम्मानित

 

 

संबंधित समाचार