Kanpur News : अब बिजली चोरी का नहीं कर सकेंगे खेल, चोर पकड़वाओ, सौ रुपये पाओ, जानें- पूरा मामला
कानपुर में अब बिजली चोरी का खेल नहीं कर सकेंगे।
कानपुर में अब बिजली चोरी का खेल नहीं कर सकेंगे। स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बिजली चोरी वाले घर चिंहित करेंगी।
कानपुर, [विकास कुमार]। महानगर में धड़ल्ले से हो रही बिजली चोरी की वजह से आम उपभोक्ताओं को बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है। साथ ही लो वोल्टेज की समस्या भी लोगों को परेशान कर रही है। जिससे निपटने के लिए केस्को ने एक योजना बनाई है। अब बिजली चोरी रोकने के लिए केस्को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और आईटीआई के छात्रों की मदद लेगा। छात्रों को एक कनेक्शन कराने पर सौ रुपये मिलेंगे।
कानपुर में आज भी कई लोग बिना बिजली का कनेक्शन लिए बिजली का उपयोग कर रहे है। ऐसे लोगों को केस्को ने चिंहित करने की तैयारी की है। वही, केस्को टीम जब सूचना पर क्षेत्रों में छापामारी करने जाती है तो लोगों को उनके आने की भनक हो जाती और जिस कारण कभी-कभी बिना कनेक्शन लिए लोग बिजली चोरी करते समय पकड़े नहीं जाते है। जिससे टीम को सफलता हाथ नहीं लग पाती।
ऐसे प्रकरणों को रोकने लिए केस्को स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और आईटीआई के छात्रों की मदद लेगा। जिस संबंध में केस्को ने 25 मई को कुछ महिलाओं व छात्रों को प्रशिक्षण दिया है। साथ ही अन्य कॉलेज में आईटीआई करने वाले कुछ छात्रों को भी इस सर्वे में जोड़ा जाएगा। दोनों टीमें केस्को की बिजली उपयोग करने वाले गैर-उपभोक्ताओं की खोज करेंगी।
सर्वे के दौरान टीम घर-घर जाकर लोगों के मीटर कनेक्शन, बिल व घर में मौजूद उपकरणों समेत अन्य जानकारी लेंगी। घर में लगे मीटर के तारों की चेकिंग आईटीआई के छात्र करेंगे। बिजली चोरी करने वाले घर चिंहित कर उनकी सूची बनाकर टीम केस्को को देगी। साथ ही लोगों को केस्को का कनेक्शन लेकर बिजली का उपयोग करने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे। बिजली चोरी करने वाला घर बताने और कनेक्शन कराने पर आईटीआई छात्र को सौ रुपये प्रति घर मिलेंगे।
किस क्षेत्र अधिक बिजली चोरी, चलेगा पता
स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और आईटीआई के छात्रों के सर्वे करने पर बिजली चोरी पर अंकुश लग सकता है। सर्वे टीम की मदद से यह पता चल सकेगा कि शहर के किस क्षेत्र में सबसे अधिक बिजली चोरी हो रही है। इसके बाद केस्को टीम और प्रवर्तन दल उन जगहों पर जाकर छापेमारी कर बिजली चोरी करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
बिजली चोरी रोकने के संबंध में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं और आईटीआई के कुछ छात्रों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बिजली चोरी का पता लगाने और कनेक्शन कराने पर छात्रों को प्रति घर के हिसाब से सौ रुपये मिलेंगे। जल्द ही सर्वे चलाया जाएगा।- सैमुअल पॉल एन, एमडी केस्को
