अयोध्या : लाभांश भुगतान के आश्वासन पर जिले में शुरू हुआ जून माह का खाद्यान्न वितरण
आठ माह के बकाया भुगतान को लेकर संगठन ने वितरण के बहिष्कार की दी थी चेतावनी
अयोध्या, अमृत विचार। सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता संघ की ओर से खाद्यान्न वितरण के बहिष्कार की चेतावनी पर आश्वासन मिलने के बाद कोटेदारों ने मंगलवार को खाद्यान्न का वितरण शुरू किया। विभाग की ओर से दिसंबर 2022 की बिक्री का लाभांश कोटेदारों के खाते में भेजा गया है। साथ ही दो दिन के भीतर बकाया तीन माह का लाभांश बैंक खाते में भेजवाने का आश्वासन दिया गया है।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता संघ की ओर से नवंबर 22 से मई 23 तक के खाद्यान्न बिक्री पर मिलने वाले लाभांश का भुगतान न होने के चलते मंगलवार से सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों से खाद्यान्न वितरण के बहिष्कार की चेतावनी दी थी। मंगलवार से जनपद के समस्त अन्त्योदय एवं पात्र गृहस्थी लाभार्थियों को माह जून का खाद्यान्न और अन्त्योदय कार्डधारकों को अप्रैल, मई व जून त्रैमास के सापेक्ष चीनी का वितरण किया जाना था। योजना के तहत अन्त्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 35 किग्रा खाद्यान्न (14 किग्रा गेहूँ व 21 किग्रा चावल) तथा पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट 05 किग्रा खाद्यान्न (02 किग्रा गेहूँ व 03 किग्रा चावल) का निःशुल्क वितरण किया जाना था जबकि त्रैमास के सापेक्ष 3 किग्रा चीनी प्रति कार्ड 18 रूपये प्रति किग्रा की दर से दिया जाता है।
सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना में वितरण बहिष्कार की चेतवानी पर विभाग ने त्वरित कार्रवाई की और प्रदेश पदाधिकारियों से वार्ता के बाद लाभांश भुगतान समेत अन्य मुद्दों पर कार्रवाई का आश्वासन ही नहीं दिया बल्कि दिसंबर 2022 की बिक्री का बकाया लाभांश कोटेदारों के खाते में भेज दिया।
सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता संघ के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व से वार्ता में आश्वासन के बाद खाद्यान्न वितरण का बहिष्कार वापस ले लिया गया। विभाग की ओर से नवंबर 22 का बकाया लाभांश 5 जून और दिसंबर 22 का मंगलवार को खाते में भेजा गया है और जनवरी, फरवरी, मार्च का बकाया लांभांश गुरुवार तक खाते में भेजवाने का आश्वासन मिला है। साथ ही विभाग ने नवंबर 22 के खाद्यान्न के सापेक्ष जमा कराई गई रकम के भुगतान की बात भी कही है।
ये भी पढ़ें - लखनऊ में रिश्वत लेते एंटी करप्शन टीम ने दरोगा को किया गिरफ्तार
