अयोध्या: राम मंदिर का दरवाजा तैयार करने में जुटे हैदराबाद के कारीगर, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुरू हुई कार्यशाला
महाराष्ट्र के चंद्रपुर से आ चुकी है दो हजार क्युविक फिट सागौन की लकड़ियां
अयोध्या/अमृत विचार। निमार्णाधीन राम मंदिर के भूतल में लगने वाले दरवाजों को तैयार करने के लिए रामसेवकपुरम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कार्यशाला शुरू कर दी गई है। दरवाजों को तैयार करने के लिए हैदराबाद से आए कारीगरों ने काम भी शुरू कर दिया है। राम मंदिर में लगने वाले दरवाजों के लिए महाराष्ट्र के चंद्रपुर के जंगलों में पाई जाने वाली सागौन की दो हजार क्युविक फिट लकड़ियां अयोध्या पहुंच चुकी हैं। मंदिर में कुल 42 दरवाजे लगाए जाने हैं, जिसमें भूतल पर गर्भगृह समेत 18 दरवाजे लगने हैं।
मंदिर के लिए दरवाजे तैयार करने का काम रही हैदराबाद अनुराधा टिंबर इंटरनेशनल प्राइवेट कंपनी के निदेशक शरथ बाबू ने बताया कि इस कार्य के लिए 20 कारीगरों की टीम लगाई गई है। उन्होंने बताया कि सागौन की लकड़ियों के दरवाजों पर प्राचीन सभ्यता के चिह्न दिखाई देंगे। इसके लिए बारीकी से काम किया जा रहा है, ताकि उसको सुंदर और आकर्षक बनाया जा सके। बता दें कि राम मंदिर के भूतल का निर्माण कार्य 90 प्रतिशत पूरा हो गया है। मंदिर के छत का काम पूरा होने के बाद फर्श तैयार करने का काम शुरू हो जाएगा।
फर्श के लिए राजस्थान से आई संगमरमर के पत्थरों की खेप
राम मंदिर के भूतल छत निर्माण में गर्भगृह, परिक्रमा, कोली मंडप, रंग मंडप, नृत्य मंडप, गुड मंडप और दो कीर्तन मंडप को तैयार किया गया है। जिस पर छत लगाए जाने का कार्य भी पूरा हो गया है। मंदिर के फर्श को बनाने के लिए राजस्थान के सफेद संगमरमर के पत्थरों का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए सोमवार को राजस्थान से संगमरमर के सफेद पत्थरों की खेप राम जन्मभूमि परिसर पहुंच गई हैं। फर्श बनाने का काम अगले सप्ताह शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गर्भगृह से फर्श बनाने के कार्य का शुभारंभ कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें:- लखनऊ में भी महसूस हुए भूकंप के झटके
