Kanpur News: चांदी लूटकांड में इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी बर्खास्त, एडीजी के निर्देश पर आईजी ने की कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में चांदी लूटकांड में आईजी ने तीन पुलिसकर्मियों को बर्खास्त किया।

बांदा में चांदी लूटकांड के मामले में आईजी ने तीन पुलिसकर्मियों को बर्खास्त कर दिया। वहीं, इंस्पेक्टर और दरोगा को जेल भेज दिया।

कानपुर, अमृत विचार। छह जून को औरैया में सर्राफ से 50 किलो चांदी लूटने के मामले में जेल में बंद इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह कठेरिया और दरोगा चिंतन कौशिक को बर्खास्त कर दिया गया है। इससे पहले इसी मामले में हेड कांस्टेबल राम शंकर यादव को एसपी कानपुर देहात बीबीजीटीएस मूर्ति ने सोमवार को बर्खास्त किया था।

बांदा के सर्राफा कारोबारी मनीष सोनी से छह जून को आगरा जाते समय देर रात करीब दो बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे पर औरैया के मल्हौसी गांव के पास लूट हुई थी। पीड़ित मनीष सोनी ने औरैया कोतवाली में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराकर 50 किलो चांदी लूटने की जानकरी दी थी। एक पेट्रोल पंप पर मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच की तो सामने आया कि कानपुर देहात की भोगनीपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह कठेरिया, दरोगा चिंतन कौशिक और हेड कांस्टेबल राम शंकर यादव ने हमीरपुर के जमालुद्दीन पठान, बांदा के संजय चिकवा उर्फ संजय टोपी, मुठनी थाना बवार जनपद हमीरपुर के रफत खान व उसी के साथी राकेश के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस ने सभी सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया था। इस मामले में विभाग की काफी किरकिरी होने के बाद आईजी रेंज प्रशांत कुमार ने इस गंभीर मामले में आरोपी हेड कांस्टेबल राम शंकर यादव को सोमवार को बर्खास्त किया था। एडीजी आलोक सिंह के निर्देश पर हुई जांच के बाद उन्होंने इंस्पेक्टर अजय पाल सिंह कठेरिया और दरोगा चिंतन कौशिक को भी बर्खास्त कर दिया है। अफसर लूट के प्रकरण में जांच कर रहे हैं।

संबंधित समाचार