संभल : आतिशबाजी के स्टाक में लगी आग, बच्चे समेत चार लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मलबे में और शव दबे होने की आशंका

संभल, अमृत विचार। गुन्नौर में मंगलवार की शाम घनी आबादी के बीच एक मकान में अवैध तरीके से संचालित फैक्ट्री में आतिशबाजी के बमों में विस्फोट होने से कई मकान जमींदोज हो गए। हादसे में बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई। इनमें मकान स्वामी की पत्नी और बेटी भी शामिल हैं। आठ लोग घायल हो गए। देर रात तक रेस्क्यू अभियान जारी रहा। अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के चलते पुलिस और दमकल कर्मी मलबे को हटाने में जुटे रहे।

गुन्नौर के मोहल्ला सराय निवासी सलीम और साबिर के घनी आबादी के बीच स्थित मकान में अवैध तरीके से आतिशबाजी फैक्ट्री संचालित हो रही थी। मंगलवार की शाम करीब पौने छह बजे मकान से धमाके की आवाज सुनाई दी। लोगों ने समझा कि गैस सिलेंडर फटा होगा, लेकिन  धमाकों की संख्या बढ़ती चली गई। चंद पलों में ही बमों के धमाकों से आसपास के मकान दहलने लगे।  

कई मकान गिर गए और लोग मलबे में दब गए।  तमाम लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित जगहों पर पहुंच गये। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने मकान में लगी आग बुझाने का काम शुरू किया।

मलबे को हटाकर दबे लोगों को निकालकर एंबुलेंस से सीएचसी भेजा । हादसे में मोहल्ला सराय की गुड्डो (40) पत्नी साबिर, अनम (18) पुत्री साबिर, पड़ोसी सुमैया (15) पुत्री पप्पू, ओम (6 माह) पुत्र जसवंत की मौत हो गई। जबकि रवि कुमार उर्फ टीनू सैमुअल (40), विनोद सैमुअल (57), डॉली सैमुअल (50), मैरी पॉल (23), प्रवेश (15), प्रमोद शर्मा (30), मोनू (23), राजेश सैमुअल (50) घायल हो गए। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते देर रात तक एसडीआरएफ द्वारा रेस्क्यू अभियान जारी था। वहीं पांच गंभीर घायलों को सीएचसी से हायर सेंट रेफर किया गया है।

ये भी पढ़ें:- संभल: किशोरी से तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म, 10 दिन बाद दर्ज की गई रिपोर्ट

संबंधित समाचार