लखनऊ: पारिजात अपार्टमेंट की लिफ्ट में फंसे पांच लोग, बुजुर्ग की हालत बिगड़ी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/अमृत विचार। पारिजात अपार्टमेंट की लिफ्ट खराब होने से दो बुजुर्ग समेत पांच लोग फंस गए। करीब 20 मिनट बाद सभी को बाहर निकाला गया। इस बीच एक बुजुर्ग की हालत खराब हो गई। मंगलवार सुबह 8 बजे गोमती नगर स्थित पारिजात अपार्टमेंट में ए2 /1601 में निवासी एचआर तिवारी अपने चार रिस्तेदारों के साथ 11वीं मंजिल पर जा रहे थे। इसमें दो बुजुर्ग रहे। ऊपर जाते समय लिफ्ट खराब होने से बंद हो गई और सभी लोग अंदर फंस गए।

बचाव के लिए लिफ्ट के अंदर लगे संसाधन काम नहीं आए और मोबाइल पर नेटवर्क भी नहीं रहा। इस कारण सभी करीब 20 मिनट तक फंसे रहे। इस बीच नेटवर्क आने पर एचआर तिवारी ने अपार्टमेंट में रहने वाले समर विजय सिंह को जानकारी दी। समर लिफ्ट का काम देखने वाले मैकेनिक जलील को लेकर पहुंचे और चाभी लगाकर लिफ्ट नीचे की तरफ खींचकर सभी को बाहर निकाला। इस बीच अंदर एक बुजुर्ग की हालत बिगड़ गई। समर ने बताया कि मेंटीनेंस न कराने के कारण लिफ्ट खराब होती जा रही हैं। इस कारण लोग रोजाना फंसते हैं।

सरगम अपार्टमेंट की लिफ्ट में फंसा मजदूर
इधर, मंगलवार सुबह दूसरी घटना लखनऊ विकास प्राधिकरण के जानकीपुरम स्थित सरगम अपार्टमेंट में हुई। यहां, पी ब्लॉक 707 निवासी हेमंत गिरी अपने फ्लैट पर कुछ काम करा रहे थे। इस दौरान लिफ्ट से मजदूरों का आनाजाना लगा रहा। इस बीच ऊपर आते समय लिफ्ट खराब होने पर एक मजदूर फंस गया। यहां भी मोबाइल पर नेटवर्क न आने के कारण करीब 15 मिनट तक मजदूर फंसा रहा और नेटवर्क आने के बाद फ्लैट स्वामी हेमंत को जानकारी दी। इसके बाद मजदूर को बाहर निकाला जा सका।

यह भी पढ़ें:-प्रतापगढ़: हत्यारोपितों के घर के सामने शव दफनाने पर अड़े सब्जी विक्रेता के परिजन, जानें पूरा मामला

संबंधित समाचार