लखनऊ: बुजुर्ग महिला की हत्या कर शव घर में दफनाया, पड़ोसी गिरफ्तार
लखनऊ/बीकेटी। इटौंजा थाना क्षेत्र अन्तर्गत जुलाहन टोला गांव में एक पड़ोसी ने बुजुर्ग महिला की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए अपने घर में ही दफ्न कर दिया। इस बात की भनक लगते ही परिजनों ने पड़ोसी के घर गड्ढा खुदवा शव को बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने पड़ोसी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टिया से दुष्कर्म के बाद हत्या अथवा महिला से लूटपाट करने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस कई बिंदुओं पर गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।
पंचायत के वार्ड 5 जुलाहन टोला निवासी बुजुर्ग महिला (65) सोमवार की सुबह 10 बजे घर से लापता हो गई थी। रात भर परिजन खोजबीन करते रहे बावजूद इसके महिला का कहीं सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने इटौंजा थाने पर लिखित शिकायत देते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजनों ने बताया कि मंगलवार को भी वह खोजबीन कर रहे थे। तभी उनकी नजर पडोसी काशिम के घर पड़ी। घर के आंगन में खोदाई की गई थी।
शक के आधार पर परिजन खोदाई करने लगे तो इसी बीच एक हाथ बाहर निकल आया। इसके बाद मौजूद लोग शोर मचाने लगा। फिर लोगों ने फौरन पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने गड्ढे की खोदाई कर महिला के शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके बाद पड़ोसी को हिरासत में लिया है।
इंटौजा थाना प्रभारी सुनील तिवारी ने बताया कि गड्ढे से महिला का शव नग्न हालत में मिला। परिजनों के मुताबिक महिला को ज्वैलरी पहनने का भी शौक था। बताया कि प्रथम दृष्टिया से दुष्कर्म के बाद हत्या अथवा महिला से लूटपाट करने के बाद वारदात को अंजाम दिया गया है।
उन्होंने बताया कि शव बरामद होने के बाद आक्रोशित परिजनों ने पड़ोसी की पिटाई कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि आरोपित की पत्नी मायके में है और बुजुर्गों पिता फाइलेरिया से ग्रसित है।
लापता बुजुर्ग महिला का शव पड़ोसी के घर में दफानाया हुआ बरामद हुआ है। इटौंजा थाने पर गुमशुदगी दर्ज है। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है ...अभिजीत आर शंकर, एडीसीपी उत्तरी।
