Kanpur Weather Today : मौसम में हुआ बदलाव, बारिश नहीं होने से शहवासियों को झेलनी पड़ रही उमस
कानपुर में बारिश नहीं होने से शहरवासियों को उमस झेलनी पड़ रही।
कानपुर में बारिश नहीं होने से शहरवासियों को उमस झेलनी पड़ रही है। सड़कों पर भी सन्नाटा पसरा हुआ है।
कानपुर, अमृत विचार। जून की गर्मी ने रिकार्ड तोड़ दिया। वहीं, मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि यदि तीन दिन के भीतर आंधी या तेज हवाएं नहीं चली तो पारा और अधिक बढ़ सकता है। वहीं, बुधवार को मौसम में तो बदलाव हुआ, लेकिन बारिश नहीं होने से शहरवासियों को उमस झेलनी पड़ी।
सुबह से ही शहरवासियों को गर्मी का सितम सताने लगा था। सुबह दस बजे तक शहरवासी जब अपने ऑफिस जा रहे थे तो वे पसीने से तरबतर हो गए।
दोपहर तक तापमान ने और अधिक उछाल पकड़ी और पारे में आए इस उछाल की वजह से आम शहरवासी परेशान हो उठे। सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हुई जिन्हें जरूरी काम से दोपहर को बाहर निकलना पड़ा। गर्मी का प्रकोप बढ़ने की वजह से दोपहर को आम दिनों के मुकाबले सड़कों पर कम भीड़ रही। कोकाकोला चौराहा, विजय नगर चौराहा, नरौना चौराहा, रावतपुर चौराहा, गुरुदेव चौराहा सहित शहर के अन्य व्यस्ततम चौराहों पर वाहनों की कम संख्या रहीं।
इसी तरह मेस्टन रोड, शिवाला, बिरहाना रोड, नयागंज, जनरलगंज सहित अन्य थोक बाजारों में भी ग्राहकों की संख्या में कमी रही। शाम होने के बाद इन इलाकों में रौनक लौटी। बढ़ती गर्मी पर सीएसए के मौसम वैज्ञानिक एसएन सुनील पाण्डेय ने जानकारी दी कि फिलहाल गर्मी की तपिश कम होती नहीं दिख रही है। ऐसे में यदि दो से तीन दिन में मौसम में परिवर्तन नहीं हुआ या फिर आंधी जैसे हालात नहीं हुए तो पारा में और अधिक तेजी देखने को मिल सकती है।
