बरेली: कोरोना संक्रमित सपा नेता ने पुल से कूदकर जान दी
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा के एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित सपा नेता रमन जौहरी का शव बरेली-सितारगंज हाईवे पर भोजीपुरा पुल के नीचे मिला है। रमन की मौत की वजह को लेकर संशय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि सपा नेता ने पुल से कूद कर आत्महत्या की है। वहीं परिजन …
बरेली, अमृत विचार। भोजीपुरा के एल-2 कोविड अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित सपा नेता रमन जौहरी का शव बरेली-सितारगंज हाईवे पर भोजीपुरा पुल के नीचे मिला है। रमन की मौत की वजह को लेकर संशय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि सपा नेता ने पुल से कूद कर आत्महत्या की है।
वहीं परिजन आत्महत्या से इन्कार कर रहे हैं। उनका कहना है कि रमन जौहरी आत्महत्या नहीं कर सकते। ऐसे में बड़ा सवाल अस्पताल प्रशासन पर उठ रहा है कि जब कोरोना संक्रमित अस्पताल से बाहर कैसे आया। स्वास्थ्य विभाग भी इस बारे में कुछ नहीं बता पा रहा है।
कोहाड़ापीर के रहने वाले सपा के पूर्व महानगर सचिव रमन जौहरी को 25 अगस्त को कोरोना होने की पुष्टि हुई थी। जिसके बाद उन्हें भोजीपुरा स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार देर रात रमन अस्पताल से किसी तरह बाहर निकल आए। रात करीब 1 बजे सूचना मिली कि भोजीपुरा पुल के नीचे किसी का शव पड़ा हुआ है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि शव रमन जौहरी का है। सूचना उनके परिवार को दी गई। भोजीपुरा पुलिस का कहना है कि रमन जौहरी ने पुल से कूद कर आत्मत्या की है।
वहीं, परिजनों के मुताबिक अस्पताल से निकलने के बाद रमन ने अपने भाई राजेंद्र को फोन कर कहा कि वह अपने स्वास्थ्य को लेकर बहुत चिंतित है। पता नहीं वह बच भी पाएगा या नहीं। इसके बाद उसने बताया कि वह भोजीपुरा पुल के पास आ गया है। परिजनों की मानें तो रमन ने आत्महत्या की बात नहीं कही थी। वहीं अस्पताल के डाक्टर यह नहीं बता पा रहे है कि आखिर रमन अस्पताल से बाहर कैसे निकले।
