बरेली: MJPRU परिसर में संचालित एमबीए और बीफार्मा में प्रवेश के पंजीकरण शुरू
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में संचालित एमबीए, बीफार्मा समेत कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश पंजीकरण शुरू हो गए हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए छात्रों को 15 जुलाई तक पंजीकरण करना होगा। वहीं प्रवेश परीक्षा के तहत होने वाले प्रवेश और महाविद्यालयों में स्नातक के प्रवेश संबंधी दिशा-निर्देश जल्द ही जारी किए जाएंगे।
सत्र 2023-24 के लिए विश्वविद्यालय परिसर में संचालित बीफार्मा, बीएचएम, एमए पॉली लेंग्वेज एंड बुद्धिष्ट कल्चर, एमए फंक्शनल हिंदी, एमबीए, एमबीए मार्केटिंग, एमबीए पार्ट टाइम, डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में फ्रेंच, जर्मन और मैंडरिन और सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में कम्युनिकेशन इंग्लिश और इंग्लिश फॉर बिजनेस में प्रवेश के पंजीकरण शुरू हो गए हैं। इंजीनियरिंग विभाग की संकायाध्यक्ष प्रो. शोभना सिंह ने बताया कि परिसर में संचालित कई पाठ्यक्रमों में प्रवेश पंजीकरण शुरू हो गए हैं। जल्द ही इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
बीटेक में प्रवेश के लिए 683 आवेदन
अभी तक विश्वविद्यालय परिसर में संचालित बीटेक में प्रवेश के लिए 12 मई और बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (बीएमएस) के लिए पंजीकरण 18 मई से हो रहे हैं। इनमें पंजीकरण की अंतिम तिथि 20 जून है। बीटेक के छह पाठ्यक्रमों की 360 सीटों के लिए अभी तक 683 पंजीकरण हुए हैं। इनमें भी सबसे अधिक करीब 200 कंप्यूटर साइंस के लिए हुए हैं। इसकी वजह है कि इस पाठ्यक्रम में नौकरी की अधिक संभावनाएं रहती हैं। इसके अलावा बीएमएस के लिए 45 पंजीकरण हो चुके हैं।
ये भी पढे़ं- बरेली: जगाया तो जागे... कलेक्ट्रेट में खराब हैंडपंप की मरम्मत शुरू
