बरेली: बहेड़ी स्टेशन के पास पकड़े तीन रेल टिकट दलाल, मुंबई तक फैला है नेटवर्क
बरेली, अमृत विचार। समर सीजन में रेल टिकट दलाल सक्रिय हो गए हैं। आरपीएफ ने बहेड़ी स्टेशन के पास छापामारी कर ई-रेल टिकटों की दलाली कर रहे तीन लोगों को दबोच लिया। इन रेल टिकट दलालों का नेटवर्क मुंबई तक फैला होने की बात सामने आ रही है।
इज्जतनगर मंडल आरपीएफ अपराध शाखा, आरपीएफ लालकुआं और चौकी बहेड़ी के स्टाफ ने बहेड़ी स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने एफएस इंटरनेट कैफे पर छापा मारा। दुकान के संचालक फरीद अहमद निवासी मोहल्ला इस्लामनगर, जय किशन और सैकी बाबू निवासी सिमरा को दबोच लिया। इनके पास से रेलवे आरक्षण काउंटर बहेड़ी से बुक कराए गए दो 1150 कीमत के तत्काल टिकट, आईआरसीटीसी की पर्सनल यूजर आईडी बना एक ई टिकट, पांच ई-टिकट जिन पर यात्रा की जा चुकी थी, दो लैपटाप, तीन माेबाइल, एक डोंगल और 17 हजार रुपये बरामद हुए। इनके तार मुंबई तक जुड़े हैं।
अधिकारियों ने बताया कि एक दलाल मकबूल किच्छा का रहने वाला है, जो मुंबई में रहकर टिकट की दलाली करता है। उसे वांछित किया गया है। आरोपियों के फोन से मुंबई के इस दलाल के साथ की गई वाटसएप चैट और फोन-पे के जरिये किए गए भुगतान जैसे साक्ष्य मिले हैं। जरूरत पड़ने पर मुंबई में बैठा दलाल भी टिकट कराता था। तत्काल टिकट और ई-रेल टिकट के नाम पर यात्रियों से 400 से 500 रुपये प्रति टिकट अतिरिक्त वसूले जाते थे।
आरोपी यात्रियों से तत्काल और ई-रेल टिकट के नाम पर अतिरिक्त पैसे वसूलते थे। मामले में रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं मुंबई में बैठे एक टिकट दलाल वांछित किया गया है-राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर मंडल
ये भी पढे़ं- बरेली: स्वस्थ रहने के लिए योग आवश्यक: संतोष गंगवार
