गौतमबुद्ध नगर : किसानों का नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ 'हल्ला बोल'
गौतमबुद्ध नगर, अमृत विचार। जिले के 81 गांवो के किसानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार दोपहर ‘भारतीय किसान परिषद’ के बैनर तेल नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ प्रदर्शन किया। ‘हल्ला-बोल’ प्रदर्शन से पहले किसान हरौला गांव स्थित बरात घर पर इकट्ठा हुए। भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर पहलवान ने आरोप लगाया कि पूर्व में कई माह तक चले धरना प्रदर्शन के बाद प्राधिकरण के अधिकारियों ने उनकी मांगों का निस्तारण तीन माह में करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अबतक इस संदर्भ में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने बताया कि भारतीय किसान परिषद के बैनर तले आज 81 गांवों के किसानों ने नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। इस बीच किसानों प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है। सुखबीर ने कहा कि पूर्व में जब किसानों ने प्राधिकरण के खिलाफ धरना दिया था तो वार्ता करके प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों ने धरना समाप्त करवाया था तथा वादा किया था कि उनकी मांगों को तीन माह मे पूरा किया जाएगा, लेकिन अबतक कोई वादा पूरा नहीं किया गया है। किसान आबादी का निस्तारण, बढे़ हुए दर से मुआवजा देने, कुल अधिग्रहीत जमीन के सापेक्ष में 10 प्रतिशत विकसित भूखंड देने, अधिग्रहण से प्रभावित किसानों के परिजनों को रोजगार देने सहित सहित विभिन्न मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें -गौतमबुद्ध नगर : रणदीप भाटी गैंग के शार्प शूटर योगेश डाबरा की संपत्ति कुर्क
