अमरोहा : भाजपा के लाभार्थी सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का हंगामा, इस्तीफा देने पर अड़े...जानिए पूरा मामला

प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल के सामने जिलाध्यक्ष पर लगाए आरोप, बेनीवाल बोले- बिना भेदभाव के पात्रों को मिल रहा योजना का लाभ

अमरोहा : भाजपा के लाभार्थी सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का हंगामा, इस्तीफा देने पर अड़े...जानिए पूरा मामला

सम्मेलन को संबोधित करते भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल और सम्मेलन में हंगामा करते भाजपा कार्यकर्ता।

गजरौला (अमरोहा) , अमृत विचार।  यहां एक होटल में शुक्रवार को भाजपा के लाभार्थी सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल को बछरायूं और धनौरा क्षेत्र के सैकड़ों कार्यकर्ता इस्तीफा देने पहुंचे। उन्होंने जिलाध्यक्ष ऋषिपाल नागर पर आरोप लगाया। इस बीच सम्मेलन में हंगामा हो गया। कार्यकर्ताओं का गुस्सा देख कार्यक्रम को जल्द खत्म करना पड़ा। बाद में बेनीवाल मंच से उठकर कमरे में चले गए।

महमूदपुर पट्टी के ग्राम प्रधान विक्रम सिंह ने बताया धनौरी खुर्द, मोहनपुर, नसीरपुर, महमदपुर सुमाली, रामपुर तग्गा गांव में पूजा लेखपाल हैं। सभी ने आरोप लगाया कि महिला लेखपाल ने गांव के कई लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज कराकर उन्हें फंसाया है। इसके संबंध में ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष ऋषि पाल नागर के पास गए थे। उन्होंने लोगों की समस्या सुनने से मना कर दिया। ग्रामीणों ने जिलाध्यक्ष पर लेखपाल को बचाने का आरोप लगाया।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि लोगों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं, उन्हें वापस लिया जाए। धनौरा तहसील से महिला लेखपाल को हटाया जाए। कार्यकर्ताओं ने मांग पूरी नहीं होने पर भाजपा से इस्तीफा देने की चेतावनी दी। इस संबंध में जिलाध्यक्ष ऋषि पाल ने बताया कि कार्यकर्ताओं के इस्तीफे देने की बात गलत है। कार्यकर्ता भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष से अपनी समस्या के संबंध में मिलने आए थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है। 

बिना भेदभाव के पात्रों को मिल रहा योजना का लाभ : बेनीवाल
अमरोहा। धनौरा मार्ग स्थित एक होटल में भाजपा के लाभार्थी सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में बड़े बदलाव हुए हैं। देशभर में सड़कों का जाल बिछा है। उत्तर प्रदेश को राम राज्य की ओर ले जाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काम किया है।  भाजपा की अपराध और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है। अगर कोई विदेशी सेना का जवान एक गोला दागता है तो उसका जवाब देने के लिए भारतीय सेना के जवान को सीमा पर किसी आदेश का इंतजार नहीं करना पड़ता। बिना भेदभाव के पात्रों को सभी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।  2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की नौ साल की उपलब्धियां भी गिनाईं। इस दौरान भाजपा के जिला उपाध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र सिंह, अतुल चौधरी, युवा मोर्च जिलाध्यक्ष शुभम चौधरी, उत्तम प्रजापति, गुरबचन सिंह सिद्धू, महेंद्र प्रजापति, आयुष चौधरी, अजीत चौधरी, तेजपाल सिंह व धमेंद्र सिंह शामिल रहे।

ये भी पढ़ें :  अमरोहा : बीच सड़क पर कुर्सी डालकर स्टंट कर रहे युवक, लापरवाही पड़ सकती है भारी