बदायूं: छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की सूचना पर पहुंची पुलिस, निकली अफवाह
शुक्रवार की दोपहर उड़ी अफवाह, प्राचार्य की तहरीर पर दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बदायूं, अमृत विचार। राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म की अफवाह उड़ी। सूचना मिलते ही सीओ सिटी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। स्टाफ और छात्र-छात्राओं से बात की। सभी ने घटना होने से इंकार कर दिया। कॉलेज के प्राचार्य ने तहरीर दी है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अशांति फैलाने, मानहानी और महिला के अपमान की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है।
शुक्रवार की दोपहर पुलिस के अधिकारियों काके सूचना मिली कि राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की छात्रा के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया है। कॉलेज के प्राचार्य और स्टाफ मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। छात्रा को मेडिकल कॉलेज में बंद कर दिया है।
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने तत्काल सीओ सिटी आलोक मिश्रा को कोतवाली सिविल लाइन पुलिस को मौके पर भेजा। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एनसी प्रजापति से बात की। प्राचार्य ने बताया कि गुरुवार को एमबीबीएस की छात्रा को चक्कर आ गए थे। उसके परिजनों को सूचित करके कॉलेज बुलाया गया था।
सीओ सिटी ने छात्रा के परिजनों से बात की। परिजनों ने बताया कि छात्रा को माइग्रेन की समस्या है। दुष्कर्म की सूचना अफवाह है। पुलिस ने झूठी सूचना देने वाले उझानी निवासी पवन तोमर को हिरासत में लिया। उसके और उसके एक अज्ञात साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ सिटी आलोक मिश्रा ने बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज प्राचार्य की तहरीर पर पवन तोमर और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- बदायूं: रोजगार मेले में 213 बेरोजगारों को मिली नौकरी
