Sushant Death Case: रिया से चौथे दिन सीबीआई की पूछताछ, ED ने गौरव आर्या से किए सवाल
मुंबई। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक सोमवार को एक बार फिर से केंद्रीय जांच ब्यूरो की विशेष जांच टीम (एसआईटी) के समक्ष एक और दौर की पूछताछ के लिए पेश हुए। रिया और शोविक लगातार चौथे दिन डीआरडीओ गेस्टहाउस पहुंचे। एजेंसी के सूत्रों ने …
मुंबई। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक सोमवार को एक बार फिर से केंद्रीय जांच ब्यूरो की विशेष जांच टीम (एसआईटी) के समक्ष एक और दौर की पूछताछ के लिए पेश हुए। रिया और शोविक लगातार चौथे दिन डीआरडीओ गेस्टहाउस पहुंचे।
एजेंसी के सूत्रों ने कहा कि उनसे रिया और सुशांत के ब्रेक-अप के बारे में और जब अभिनेत्री को अभिनेता की मौत के बारे में पता चला तो वह कैसे कूपर अस्पताल की मोर्चुअरी में प्रवेश करने में सफल रहीं, इस बारे में पूछताछ की जाएगी। रिया से ड्रग चैट और फिल्म निर्माता संदीप सिंह के साथ संबंधों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी। पिछले तीन दिनों में 25 घंटे से अधिक समय तक सीबीआई द्वारा उनसे पूछताछ की जा चुकी है। शुक्रवार को उनसे 10 घंटे, शनिवार को सात घंटे और रविवार को आठ घंटे तक पूछताछ की गई।
सीबीआई अब तक सुशांत के फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी, निजी कर्मचारियों नीरज सिंह, दीपेश सावंत और अन्य से पूछताछ कर चुकी है। सीबीआई टीम दो बार कूपर अस्पताल और वाटरस्टोन रिसॉर्ट और सुशांत के बांद्रा स्थित फ्लैट का दौरा भी कर चुकी है, जहां वह 14 जून को मृत पाए गए थे।
ED की गौरव आर्या से पूछताछ
इस बीच गोवा के होटल व्यवसायी गौरव आर्य बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच से संबंधित पूछताछ के लिए सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश हुए। ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, गोवा में होटल टैमेरिंड और कैफे कोटिंगा के मालिक आर्य से सुशांत की प्रेमिका रिया के साथ कथित चैट के बारे में पूछताछ की जा रही है, जहां दोनों ड्रग्स पर चर्चा कर रहे हैं।
ईडी के अधिकारी ने कहा कि उनसे रिया और उनके भाई शोविक के साथ वित्तीय सौदों के बारे में भी पूछा जा रहा है। रविवार को, आर्य ने दावा किया कि वह सुशांत से कभी नहीं मिले थे मगर वह 2017 में एक बार रिया से जरूर मिले थे। उन्होंने यह भी कहा कि सुशांत मामले से उनका कोई संबंध नहीं है।
पिछले सप्ताह, आर्य का नाम सोशल मीडिया संदेश में सामने आने के बाद, ईडी की टीम ने उत्तरी गोवा के अंजुना में होटल टैमेरिंड का दौरा किया, लेकिन वह कोविड के प्रतिबंधों के कारण बंद था। ईडी ने अभी तक रिया, उनके भाई शोविक, पिता इंद्रजीत, सुशांत के फ्लैटमेट सिद्धार्थ पिठानी, घर के मैनेजर सैमुअल मिरांडा, सुशांत की पूर्व मैनेजर श्रुति मोदी और अन्य से पूछताछ की है।
ईडी ने सुशांत के पिता के. के. सिंह और उनकी बहनें मीतू सिंह और प्रियंका सिंह बयान भी रिकॉर्ड किए हैं। ईडी ने सुशांत के पिता की शिकायत पर बिहार पुलिस की प्राथमिकी के आधार पर 31 जुलाई को मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया था।
