रायबरेली : अतिक्रमण से छोटी हो गई सड़क, जाम से बचो तो जाने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

यातायात ड्यूटी के पुलिस कर्मी जीप खड़ी कर रहते नदारद

रायबरेली, अमृत विचार। रायबरेली-गुरूबक्सगंज-खीरों-सेमरी मार्ग पर स्थित कस्बा खीरों का मुख्य चौराहा आए दिन जाम की समस्या से जूझता रहता है। मुख्य मार्ग व कस्बे की सभी सड़कों के दोनों ओर पटरियों पर दुकानदारों का कब्जा और उसके बाद सड़क के दोनों और खड़े ग्राहकों के वाहन, जिनके कारण लगने वाला जाम और जाम में प्रतिदिन घंटों एंबुलेंस का फंसना रोज की समस्या है। 
     
स्थिति यह है कि अक्सर कस्बा के मुख्य चौराहे पर घंटो दोनों ओर से छोटे बड़े वाहनों की लंबी कतार लग जाती हैं और इसी कतार में एंबुलेंस तक फंस जाती है। जो किसी तीमारदार के बुलाने पर उसके मरीज को लेने उसके घर जा रही होती है। बीते दिन यही हुआ। उस समय चौराहे के पास पुलिस की जीप खड़ी थी। लेकिन पुलिसकर्मी नदारद थे। मात्र एक होमगार्ड जाम खुलवाने का असफल प्रयास कर रहा था। इसी जाम के दौरान ईंट लादकर कर जा रही एक भट्ठे की ट्रैक्टर ट्राली के चालक ने एक युवती की साइकिल में टक्कर मारकर साइकिल छतिग्रस्त कर दिया। गनीमत रही कि जाम के कारण वाहन तेज रफ्तार में नहीं थे। इसलिए वह युवती बाल-बाल बच गई। इस बीच लगभग एक घंटे तक एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही। एंबुलेंस के चालक अनुज ने बताया कि वह खानपुरखुश्टी गांव से एक तीमारदार की कॉल पर मरीज लेने जा रहा है। लेकिन जाम के कारण समय से मरीज के घर तक नहीं पहुंच पा रहा है। आए दिन जाम लगने के कारण एंबुलेंस को भी रास्ता नहीं मिल पाता। जिससे समय पर गर्भवती व बीमार अस्पताल नहीं पहुंच पाते। 

कस्बा के चौराहे के निवासियों ने नाराजगी जाहिर करते हुए पुलिस की लचर व्यवस्था की निंदा की और आक्रोश व्यक्त करते हुए बताया कि कस्बा खीरों का यह प्रतिदिन का हाल है कि चौराहे पर दिनभर में हर आधे घंटे बाद जाम लग जाता है और घंटो जाम लगा रहता है। कस्बा वासियों ने जिम्मेदार अधिकारियों से कस्बा खीरों के जाम से निजात दिलाने की मांग की है। थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार अवस्थी ने बताया कि चौराहे पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। जिससे चौराहे पर जाम न लगने पाए। पटरियों तक फैली दुकानों को भी हटवाया जायेगा।

यह भी पढ़ें : बाराबंकी : खेत को निकले किशोर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत

संबंधित समाचार