Olivier Giroud-Harry Kane ने राष्ट्रीय टीम के लिए गोल के रिकॉर्ड को किया बेहतर, फ्रांस और इंग्लैंड जीते
पेरिस। स्ट्राइकर ओलिवियर गिरोड (Olivier Giroud) और हैरी केन (Harry Kane) ने अपनी राष्ट्रीय टीम के गोल रिकॉर्ड को आगे बढ़ाया, जिससे फ्रांस और इंग्लैंड ने यूरोपीय चैम्पियनशिप के क्वालीफाइंग में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। फ्रांस ने ग्रुप बी के मैच में जिब्राल्टर को 3-0 से शिकस्त दी। इस मुकाबले में गिरोड ने देश के लिए अपना 54वां गोल किया। माल्टा पर 4-0 की जीत से इंग्लैंड ग्रुप सी की तालिका में शीर्ष पर है।
इस मुकाबले में केन ने पेनल्टी को गोल में बदला। राष्ट्रीय टीम के लिए यह उनका 56वां गोल है। फ्रांस और इंग्लैंड अपने-अपने ग्रुप की तालिका में शीर्ष पर है। अंडोरा में 2-1 की सफलता के बाद स्विट्जरलैंड नौ अंक के साथ ग्रुप आई में शीर्ष पर हैं। ग्रुप बी के अन्य मैच में यूनान ने आयरलैंड को 2-1 से हराया।
यूक्रेन ने ग्रुप सी के मैच में 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए उत्तरी मेसेडोनिया को 3-2 से हराया। ग्रुप डी में वेल्स को आर्मेनिया के खिलाफ 2-4 की हार के साथ उलटफेर का शिकार होना पड़ा। लात्विया पर 3-2 की जीत के साथ तुर्किए तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया। डेनमार्क ग्रुप एच के मैच में उत्तरी आयरलैंड पर 1-0 की जीत के बाद तालिका में शीर्ष पर है। सैन मैरिनो के खिलाफ 3-0 की जीत के बाद कजाखस्तान दूसरे स्थान पहुंच गया। फिनलैंड ने स्लोवेनिया को 2-0 से शिकस्त दी।
ईस्ट बंगाल ने स्पेन के जेवियर और सौल से करार किया
कोलकाता। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) की टीम ईस्ट बंगाल ने आगामी सत्र के लिए अपनी अग्रिम पंक्ति को मजबूत करने के लिए स्पेन के दो फुटबॉल खिलाड़ियों जेवियर सिवेरियो और सौल क्रेस्पो से करार किया। जेवियर ने हैदराबाद एफसी को भारत में अपने पदार्पण सत्र (2021-22) में पहला आईएसएल खिताब जीतने में मदद की थी। आईएसएल में उनके नाम 45 मैचों में 12 गोल हैं। हैदराबाद के लिए पिछले सत्र में नौ गोल करने वाले इस खिलाड़ी ने यहां जारी विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ मेरे लिये सौ साल से अधिक पुराने क्लब से जुड़ना सम्मान की बात है।’’ सौल ने ओडिशा एफसी को आईएसएल के प्लेऑफ में पहुंचाने के साथ सुपर कप चैम्पियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
ये भी पढ़ें : BAN vs AFG : बांग्लादेश ने अफगानिस्तान को हराकर रचा इतिहास, ऐसा करने वाली दुनिया की पहली टीम बनी
