Hamirpur News : मोहल्ले में चल रही थी शादी की तैयारियां, ब्यूटी पार्लर से भाग निकली दुल्हन, जानें- पूरा मामला
हमीरपुर में ब्यूटी पार्लर से भाग निकली दुल्हन।
हमीरपुर में ब्यूटी पार्लर से दुल्हन भाग निकली। नाचते गाते जा रहे बाराती मायूस हुए।
हमीरपुर, अमृत विचार। शुक्रवार देर शाम शहर के एक मोहल्ले में बारात आनी थी। तैयारियां पूरी थी। दुल्हन अपनी चाची के साथ ब्यूटी पार्लर गई थी और इधर शहर के दूसरे मोहल्ला निवासी दूल्हा बारात लेकर घर से निकल पड़ा। बाराती डांस करते दुल्हन के घर की तरफ बढ़ ही रहे थे। तभी अचानक खबर फैली कि दुल्हन ब्यूटी पार्लर से फरार हो गई। दुल्हन के भागने की खबर मिलते ही दूल्हे के होश उड़ गए।
जैसे ही खबर मिली दुल्हन घर से चली गई, तो हर कोई दंग रह गया। ढोल-नगाड़े बजने बंद हो गए और बराती कानों में खुसुर फुसर करते नजर आए। दूल्हे पक्ष के लोग कोतवाली पहुंच गए।
सदर कोतवाली क्षेत्र के निवासी मोहित कुमार की बारात शुक्रवार को बेतवा घाट में जानी थी। बारात घर से निकल चुकी थी, बराती डीजे की धुन पर थिरक रहे थे। रात 9.30 बजे खबर आई कि दुल्हन घर से चली गई है। धीरे-धीरे यह बात आग की तरह फैल गई और वर पक्ष को भी इसकी जानकारी हो गई। दूल्हे की मां ने बताया कि दुल्हन अपनी चाची के साथ ब्यूटी पार्लर गई थी।
चाची पार्लर संचालक से बात करने लगी। इसी बीच मौका पाकर दुल्हन वहां से गायब हो गई। कोतवाल दुर्ग विजय सिंह का कहना है कि जानकारी मिली है। शादी से पहले दुल्हन किसी के साथ चली गई है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। हालांकि दूल्हा पक्ष ने इस बारे में दुल्हन पक्ष से अभी तक बात नहीं की। उधर, दुल्हन के घरवालों ने बात करने से मना कर दिया है। उनका बस इतना कहा बेटी शादी से खुश थी, पता नहीं ये सब क्यों किया। इस मामले में पुलिस ने दुल्हन की तलाश के लिए टीम लगाई गई हैं।
