मुरादाबाद: छह स्थानों 70 चोरी के मामले पकड़े, एफआईआर दर्ज
नये और सुरक्षित तरीके बिजली चोरी के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं लोगस चेकिंग के दौरान खुली पोल, विभागीय कर्मियों की मिलीभगत भी सामने आई
मुरादाबाद, अमृत विचार। शहर में बिजली चोरी और ओवरलोडिंग को लेकर की गई चेकिंग में चोरों के साथ चोरी कराने वालों की पोल भी खुल गई है। चोरी के लिए अपनाए जा रहे नये-नये हथकंडे आम आदमी की सोच से परे हैं। कुछ हथकंडे विभाग के लोगों की ओर इशारा कर रहे हैं। अधिकारियों ने अलग-अलग छह स्थानों पर कटिया डालकर बिजली चोरी के 70 मामले पकड़े हैं। चेकिंग टीम द्वारा मौके पर ही कनेक्शन काटकर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। वहीं करूला क्षेत्र में 25 मामले मीटर टेंपर्ड कर चोरी करते पकड़े।
शहर में बिजली चोरी करने के लिए लोग अलग-अलग और काफी हद सुरक्षित हथकंडे अपना रहे हैं। चेकिंग में अधिकारियों के सामने चोरी की पोल खुल गई। छह पर स्थानों शनिवार की सुबह विभाग की छापेमारी शुरू हुई। कई स्थानों पर कटिया तार काफी दिनों से पड़ा होने की बात सामने आई। जिससे स्थानीय बिजली कर्मचारियों पर सवालिया निशान खड़ा हो रहा है। बिजली चोरी में कई कर्मियों की मिलीभगत भी सामने आई। कुछ मीटरों में विभाग की सील दोबारा लगना भी पाया गया। मगर, अधिकारी इससे इनकार कर रहे हैं।
चेकिंग टीम ने सुबह डिवीजन थर्ड के क्षेत्र मोहल्ला सीतापुरी में सात मकानों में कटिया कनेक्शन डालकर की जा रही चोरी पकड़ी। इसके अलावा करूला के मोहल्ला पीर का बाजार में सात मकानों में मीटर टेंपर्ड कर चोरी के मामले पकड़े। मोहल्ला असालतपुरा में 35 घरों में, गलशहीद में 13 व आठ मकानों में मीटर के पास से तार डालकर चोरी पकड़ी। कटघर मकबरा मोहल्ले में सात और छोटी मंडी में आठ स्थानों पर चोरी के मामले पकड़े। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण तृतीय प्रेम प्रकाश ने बताया कि सभी मामलों में थाना कटघर और गलशहीद में बिजली चोरी के आरोप नामदज तहरीर दी गई है। एसके सिंह अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड द्वितीय ने बताया कि चेकिंग टीम ने जिगर कालोनी में एक मकान में पोल से सीधा तार डाल कर चोरी से एसी चलता पकड़ा। दौलत बाग में एक मकान में कटिया डालकर चोरी पकड़ी है। इनके खिलाफ संबंधित थाने में तहरीर दी गई है।
बिजली चोरी से शहर में ओवर लोडिंग बढ़ रही है। जिससे रोजाना फाल्ट भी बढ़ रहे हैं। इस कारण कटौती की समस्या बढ़ी है। चोरी पर रोक लगाने के सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई।-संजय कुमार गुप्ता, अधीक्षण अभियंता, पश्चिमांचल विद्युत वितरण खंड
ये भी पढ़ें:- नहीं रहे अमेरिका का सबसे खतरनाक आदमी जासूस एल्सबर्ग, जानिए इनके कारनामे
