Russo-Ukrainian War : यूक्रेन में युद्ध समाप्त करें पुतिन, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति Cyril Ramaphosa ने की अपील

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

केप टाउन। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से यूक्रेन में युद्ध समाप्त करने की अपील की है। रामाफोसा ने यह अपील छह अन्य अफ्रीकी देशों के साथ शांति मिशन के तहत शनिवार को रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में पुतिन से मुलाकात के बाद की है। 

गौरतलब है कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने शुक्रवार को प्रतिनिधिमंडल से कहा था कि वह यूक्रेन की भूमि पर कब्जा करने के दौरान रूस के साथ होने वाली बातचीत में शामिल नहीं होंगे। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक बैठक में श्री रामाफोसा ने दोनों देशों (रूस एवं यूक्रेन) से युद्ध कैदियों को वापस करने का भी आह्वान किया और कहा कि रूस द्वारा निकाले गए बच्चों को घर लौटा दिया जाना चाहिए।

यूक्रेन पर रूस के कब्जे के दौरान सैकड़ों यूक्रेनी बच्चों को उनके परिवारों से जबरन अलग करने के मामले में अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय ने  पुतिन पर युद्ध अपराध का आरोप लगाया है। जैसे ही अफ्रीकी प्रतिनिधिमंडल ने बच्चों को उनके परिवारों में वापस करने का आह्वान किया, पुतिन ने उनके भाषण को बाधित किया और दावा किया कि रूस उनकी रक्षा कर रहा है। 

उन्होंने कहा, बच्चे पवित्र होते हैं। हमने उनकी जान और सेहत बचाते हुए उन्हें संघर्ष क्षेत्र से बाहर निकाला। इस बीच संयुक्त राष्ट्र ने कहा कि उनके पास सैकड़ों यूक्रेनी बच्चों के रूस में अवैध रूप से ले जाने के सबूत हैं। रामफोसा ने पुतिन को अफ्रीका पर युद्ध के प्रभावों के बारे में आगाह किया और कहा कि इसे कूटनीति द्वारा सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ''युद्ध हमेशा के लिए नहीं चल सकता। हम यहां एक बहुत स्पष्ट संदेश देने के लिए आए हैं कि यह युद्ध समाप्त हो।

 उन्होंने कहा कि युद्ध ने यूक्रेन से अनाज और रूस से उर्वरक के निर्यात को गंभीर रूप से प्रतिबंधित कर दिया है, जिसने विशेष रूप से अफ्रीकी देश अधिक प्रभावित हुए हैं। वहीं श्री पुतिन ने अनाज संकट के लिए पश्चिम को दोषी ठहराया और कहा कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा काला सागर के माध्यम से गरीब देशों को महज तीन प्रतिशत अनाज निर्यात करने की अनुमति दी गयी है। रूस ने बार-बार शिकायत की है कि पश्चिमी प्रतिबंध उसके अपने कृषि निर्यात को प्रतिबंधित कर रहे हैं। 

ये भी पढ़ें :  Philippines Ship Fire : फिलीपींस में नौका में लगी आग, सभी 120 लोगों को सुरक्षित बचाया गया 

संबंधित समाचार