बरेली: बेसिक स्कूल खुलने में सात दिन बचे, 14 स्कूलों की मरम्मत को ठेकेदार नहीं मिला
कायाकल्प के तहत 50 लाख के होने हैं काम, ठेकेदारों को पुराना बकाया मिला नहीं
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम की वित्तीय हालत सुधरती नहीं दिख रही है। यही वजह है कि कोई ठेकेदार निगम का काम करने को राजी नहीं हो रहा है। आठ महीने में निगम ने तीन बार कार्य कराने के लिए टेंडर निकाले लेकिन कायाकल्प योजना के 14 स्कूलों के कामों को करने के लिए कोई ठेकेदार आगे नहीं आ रहा है। 27 जून से बेसिक शिक्षा के स्कूल खुल जाएंगे, लेकिन अभी तक स्कूलों में कायाकल्प के तहत होने वाले काम शुरू नहीं हो पाए हैं। अफसर ठेकेदारों से काम करने का आग्रह कर रहे हैं लेकिन पुराना बकाया भुगतान नहीं होने से कर्जदार हो चुके ठेकेदार अब और रकम फंसाने को राजी नहीं हो रहे हैं।
शहरी इलाके के बेसिक स्कूलों में सुधार कार्य के लिए नगर निगम ने लगभग 50 लाख रुपये के काम कराने के लिए टेंडर निकाले हैं। इनमें प्राथमिक विद्यालय खुर्रम गौटिया में दिव्यांग शौचालय निर्माण, प्राथमिक विद्यालय परतापुर चौधरी में बालक मूत्रालय व दिव्यांग शौचालय निर्माण, बिहारीपुर करोलान में कंपोजिट विद्यालय की मरम्मत कार्य और भूड़ प्राथमिक विद्यालय में मरम्मत का कार्य कराया जाना है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय हरुनगला द्वितीय में कायाकल्प का कार्य, माडल टाउन स्थित प्राथमिक विद्यालय कांकरटोला में मरम्मत का कार्य कराया जाना है। इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय खलीलपुर प्रथम, प्राथमिक विद्यालय रहपुरा चौधरी, प्राथमिक विद्यालय परसाखेड़ा प्रथम व द्वितीय, प्राथमिक विद्यालय गोविंदापुर, कंपोजिट विद्यालय रोठा, नगर निगम परिसर में प्राथमिक स्कूल के बराबर क्षतिग्रस्त कमरे की मरम्म्त, रंगाई पुताई व छत पर स्लैब डालने के कार्य के लिए टेंडर निकाले हैं लेकिन अभी तक कोई ठेकेदार इन्हें लेने आगे नहीं आया है।
ठेकेदारों का कहना है कि उनका करोड़ों रुपया पिछला बकाया है। यह भुगतान नहीं हो रहा है। अफसर भी कुछ बताने की स्थिति में नहीं है। ठेकेदार कर्ज में दबते जा रहे हैं। हर माह की बैंक के कर्ज की किश्त निकालनी मुश्किल हो रही है। ऐसे में निगम के कार्य में दोबारा पैसा फंसाने की स्थिति कई ठेकेदारों की नहीं रह गई है। ठेकेदारों का कहा है कि इंजीनियरिंग विभाग के जेई और एई ठेकेदारों से काम करने का आग्रह कर रहे हैं लेकिन अभी तक कोई राजी नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें- बरेली: भांजे की आवाज में फोन पर ठग ने की ठगी, ऐंठ लिए डेढ़ लाख रुपये
