Bareilly: जेईई एडवांस की परीक्षा में होनहारों ने पाई सफलता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने रविवार को जेईई एडवांस का परीक्षाफल घोषित कर दिया। परीक्षा में जनपद के कई होनहारों ने सफलता हासिल की है। बच्चों की कामयाबी से उनके अभिभावक गदगद हैं।

बांबे या मद्रास आईआईटी में प्रवेश का सपना
मॉडल टाउन निवासी ईशा सिंघल ने जेईई एडवांस में 138 अंकों के साथ सीआरएल 7331 हासिल की है। उन्होंने यह सफलता दूसरे प्रयास में प्राप्त की है। हालांकि पिछले वर्ष उन्होंने परीक्षा पास कर ली थी, लेकिन वह रैंक से संतुष्ट नहीं थीं, इसलिए इंतजार किया और इस बार प्राप्त रैंक से वह बेहद खुश हैं। बताया कि आईआईटी बांबे या मद्रास में प्रवेश उनका सपना है। उनके शिक्षक पिता पवन सिंघल ने बताया कि ईशा शुरुआत से ही पढ़ाई को लेकर गंभीर है। वह दो साल से तैयारी में जुटी थी।

सिर्फ आठ माह की तैयारी में पाई सफलता
डोहरा निवासी इंदु पटेल ने जेईई एडवांस में ओबीसी (एनसीएल) 8067 रैंक प्राप्त की है। उनकी इस सफलता से परिजन उत्साहित हैं। इंदु ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के लिए उन्हें सिर्फ आठ महीने ही मिले थे। परीक्षा से ठीक एक दिन पहले तबीयत खराब हो गई।

दवा लेने के बाद उन्होंने परीक्षा में भाग लिया और सफलता हासिल की। उनके पिता प्रवेश कुमार पटेल पेशे से किसान हैं। उनका कहना है कि बेटी की तबीयत खराब होने पर उम्मीद नहीं थी कि परीक्षा में सफलता मिलेगी, लेकिन बेटी को अपनी तैयारी पर भरोसा था और अपनी मेहनत के कारण उसने यह सफलता प्राप्त की है।

यह भी पढ़ें- बरेली: मैसर्स सिविल एंड मिलेट्री होटल पर एनजीटी ने लगाया 9.40 लाख का जुर्माना, जानिए मामला

संबंधित समाचार