प्रयागराज: उमेश पाल की हत्या से पहले नैनी जेल में अतीक के बेटे अली से मिले थे शूटर, सीसीटीवी से हुआ खुलासा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज। प्रयागराज के धूमनगंज में 24 फरवरी को हुए उमेश पाल की हत्या में शामिल शूटर नैनी जेल में बंद माफिया अतीक अहमद के बेटे अली से भी मिलने गये थे। इनकी मुलाकात अशरफ से बरेली जेल में मिलने और उमेश पाल की हत्या से पहले हुई थी। इस मुलाकात का फुटेज भी जेल मे लगे कैमरों से सामने आया है।

इस मामले मे अब एसआईटी टीम अतीक के दोनों बेटों का नाम उमेश पाल हत्याकांड की केस डायरी में अंकित करेगी। साथ ही जेल में उनका वारंट बनवाकर आरोपित कर पूछताछ भी करेगी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक जेल में अशरफ से मिलने के बाद शूटरों ने नैनी सेंट्रल जेल में अली से मुलाकात की थी।

अली के साथ मिलकर गुड्‌डू मुस्लिम, गुलाम और सदाकत ने हत्याकांड की साजिश रची। नैनी जेल से मिले सीसीटीवी फुटेज में तीनों आरोपी नजर आए हैं। उमेश पाल की हत्या के पहले हुई मुलाकात का ये वीडियो पुलिस के लिए बड़ा सुबूत है। फरवरी माह में मिलने वालों की सीसीटीवी फुटेज से पहचान की जा रही है।

उमेश पाल की 24 फरवरी 2023 को जयंतीपुर कॉलोनी में गोली और बम से हमला कर हत्या कर दी गई थी। इसमें उमेश के दो गनर राघवेंद्र और संदीप भी मारे गए थे। इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच कर रही एसआईटी ने खुलासा किया था।

इसमें बताया कि हत्या के 12 दिन पहले अतीक का बेटा असद, सदाकत खान, शूटर गुलाम, शूटर विजय चौधरी, बमबाज गुड्डू मुस्लिम ने बरेली जेल जाकर अतीक के भाई अशरफ से मुलाकात की थी। जेल के अंदर जाने का  सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। इसके बाद जेल के अंदर ही उमेश पाल की हत्या की रणनीति और साजिश रची गई।

यह भी पढ़ें:-क्या सेंसर बोर्ड धृतराष्ट्र बन गया है?... फिल्‍म ‘आदिपुरुष’ को लेकर अखिलेश ने की भाजपा की आलोचना

संबंधित समाचार