Prakash Pal Interview : अमृत विचार से बातचीत में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष बोले- UP की सभी सीटें जीतेंगे
कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष का इंटरव्यू।
अमृत विचार से बातचीत में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष प्रकाश पाल बोले। लोकसभा चुनाव में यूपी की सभी सीटें जीतेंगे।
कानपुर, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव 2024 में यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटें जीतने के संकल्प को पूरा करने की तैयारियों के साथ तेजी से आगे बढ़ रही भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में आने वाली दस लोकसभा सीटों पर जीत हासिल करना कोई चुनौती नहीं है। क्योंकि मुकाबले में कोई भी पार्टी नहीं हैं। पिछली बार क्षेत्र की सभी सीटें भाजपा ने जीती थी। यह कहना है कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के भाजपा अध्यक्ष प्रकाश पाल का। वह कहते हैं कि पहले विधानसभा व फिर नगर निकाय चुनाव में भाजपा की बढ़त के साथ ही पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सफलतापूर्वक नौ साल पूरे होने के जश्न के बीच जनता के बीच जाकर उन्हें बता रहे हैं कि मोदी सरकार ने कैसे देश का मान बढ़ाया है। जनकल्याण की योजनाओं का लाभ किस तरह सफलता पूर्वक जनता तक पहुंचाया। प्रकाश पाल कहते हैं कि भाजपा के समक्ष कोई चुनौती नहीं है। उसका काम बोलता है। यह जनता भी समझ चुकी है।
अमृत विचार ने बातचीत करते हुए प्रकाश पाल ने कहा कि जनता की बुनियादी समस्याओं का निदान सरकार की प्राधमिकता रही है तो दूसरी तरफ रूस-यूक्रेन के युद्धकाल में भी भारत का दुनिया में डंका बजता रहा है। जी-20 की मेजबानी प्राप्त करना इसका उदाहरण है। वह कहते हैं कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत गांवों और शहरों में 12 करोड़ शौचालय बनाना बड़ी बात है। जनधन योजना के तहत देशभर में 48.93 करोड़ लोगों ने अपने बैंक खाते खुलवाए। यह खाता जीरो बैलेंस के साथ शुरू होता है।
.jpg)
मुद्रा योजना में लोगों को बिना गारंटी के सस्ता ऋण दिया गया। इस योजना के तहत अब तक 40.82 करोड़ लोगों को 23.2 लाख करोड़ का कर्ज दिया गया। पीएम आवास योजना में पात्र लाभार्थियों के लिए 3.45 करोड़ घर बनाए गए। मोदी सरकार की उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 9.59 करोड़ घरों में एलपीजी कनेक्शन दिया गया। जन आरोग्य योजना के तहत 4.44 करोड़ लोगों का इलाज हुआ। मोदी सरकार की किसान सम्मान निधि योजना के तहत देशभर के 12 करोड़ किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती है।
वह कहते हैं कि ढेरों जनोपयोगी योजनाएं हैं जो साबित करती हैं भाजपा राजनीति के माध्यम से देश सेवा कर रही है। विपक्ष तो सत्ता हालिस करने के लिए गठजोड़ की राजनीति करता है।
पाल बताते हैं कि नरेंद्र मोदी सरकार की हर घर जल योजना के तहत अब तक 11.66 करोड़ परिवारों को पीने का साफ पानी मुहैया कराया जा चुका है। किसी ने सोचा था यह भी कर दिखाएंगे। कोरोना महामारी के दौरान शुरू हुए कोविड टीकाकरण में अब तक 220.67 करोड़ वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। दूसरे देशों में भी टीका भेजा गया। नोटबंदी और जीएसटी जैसे निर्णय देश की आर्थिक प्रगति का कारक हैं। आयुष्मान भारत योजना से लाभ पाकर गरीब परिवार गदगद हैं।
पाल कहते हैं कि 2019 में मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 को हटाने का फैसला किया था। समान नागरिकता कानून बनाने की बात चल रही है। यह भी कर दिखाएंगे। अयोध्या में भव्य राम मंदिर बड़ी उपलब्धि है। डिजिटल इंडिया के सपने को पूरा करने के लिए 2022 में 5जी सेवाओं की शुरुआत की गयी। अबतक 692 मेडिकल कालेज खुल चुके हैं। 2014 में यह संख्या 387 थी।
इसी तरह एम्स 24 खोले जा चुके हैं। विश्वविद्यालय में 1472 और आईआईटी और आईआईएम बढ़कर क्रमशः 23 और 20 हो चुके हैं। प्रकाश पाल कहते हैं कि बिजली उत्पादन 2.34 लाख मेगावाट से बढ़कर 4.17 लाख मेगावाट हो चुका है। नेशनल हाईवे 1.44 लाख किमी.तक फैल गया और एयरपोर्ट 148 होने के बाद तो विकास की उड़ान और भी प्रभावी हो गयी है। रेल क्षेत्र में उपलब्धियां भी कम नहीं हैं।
