प्रयागराज : बाजे-गाजे संग रथ पर सवार होकर निकले भगवान जगन्नाथ
प्रयागराज, अमृत विचार। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा मंगलवार को पूरी धूमधाम से निकले। जीरो रोड स्थित आर्य भवन से नंदी घोष रथ पर सवार भगवान जगन्नाथ निकले तो साथ ही बहन सुभद्रा और भइया बलभद्र भी रथ पर आरूढ़ होकर निकले। श्रीजगन्नाथ महोत्सव समिति ट्रस्ट के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद गुप्ता व रथ यात्रा संयोजक बसंत लाल आजाद ने विधि विधान से भगवान की आरती उतारी।
रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ का राजशाही दरबार, एरावत हाथी, भगवान गणेश, गरुण देव, शेषावतार नारायण, नरसिंह भगवान, राधा कृष्ण, इंद्रदेव, पांच पांडव, हनुमानजी, काली, भगवान श्रीकृष्ण के महारास की झांकी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। रथ यात्रा में डीजे बैंड, ध्वज पताका, भांगड़ा व नगाड़ा के बीच श्रद्धालुओं ने जमकर जयकारे लगाए। इस दौरान जहां से यात्रा गुजरी घरों की छतों से लोगों ने फूलों की बारिश की। भगवान के रथ का एक स्पर्श पाने के लिए लोग लालायित दिखे।
यात्रा अग्रसेन चौराहा, चमेली बाई धर्मशाला, जॉनसेनगंज, घंटाघर, लोकनाथ, बहादुरगंज, रामभवन, मुट्ठीगंज, हटिया पुलिस बूथ, बांसमंडी, बलुआ घाट, कटघर से होते हुए काशी राजनगर स्थित प्रयागेश्वर मंदिर पहुंची। यहां पर एक बार फिर भगवान का पूजन और अर्चन हुआ। इसके साथ ही जयकारे लगाए गए। प्रसाद वितरण हुआ। इस दौरान जयराम गुप्ता, दाऊदयाल गुप्ता, गगन दास गुप्ता, राजेश केसरवानी, विजय वैश्य, त्रिलोकी केसरवानी, गीता गुप्ता अमर वैश्य 'मुन्ना भैया, हैप्पी कसेरा आदि मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : बार की एल्डर कमेटी गठित, शैलेश चंद्र चेयरमैन घोषित
