सीएम केजरीवाल का दावा- जेईई में सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों की कामयाबी शिक्षा क्रांति की सफलता का सुबूत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। दिल्ली के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को जेईई मेन्स और एडवांस्ड में मिली कामयाबी का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को दावा किया कि यह शहर की शिक्षा क्रांति की शानदार सफलता का सुबूत है। मुख्यमंत्री की ओर से साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली सरकार के विद्यालयों से पढ़े 720 विद्यार्थियों ने 2023 में जेईई मेन्स में सफलता हासिल की है, जबकि 104 विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस्ड में कामयाबी हासिल की। 

केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, ये आंकड़े दिल्ली की शिक्षा क्रांति की शानदार सफलता का सुबूत हैं। दिल्ली के सरकारी विद्यालयों के बच्चों ने जेईई मेन्स और एडवांस्ड परीक्षा में कमाल करके दिखाया है। पिछले तीन सालों में दिल्ली के सरकारी विद्यालयों से पढ़कर इस परीक्षा में सफल होने वाले बच्चों की संख्या दोगुनी हो गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा, दिल्ली के बेहतरीन शिक्षा मॉडल ने अब सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों के सपनों को भी पंख लगा दिए हैं। अब गरीब परिवार का बच्चा भी आईआईटी से पढ़कर बड़ा इंजीनियर बन रहा है। इस सफलता के लिए सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और दिल्ली की ‘टीम एजुकेशन’ को बहुत-बहुत बधाई। समूचे भारत से कुल 1,80,372 विद्यार्थियों ने आईआईटी-जेईई एडवांस्ड की परीक्षा दी थी जिनमें से 43,773 ने सफलता हासिल की है। 

ये भी पढे़ं- देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के चलते केंद्र अलर्ट, यूपी-बिहार में केंद्रीय टीम की जाएगी तैनात

 

 

संबंधित समाचार