मुरादाबाद : पश्चिमी यूपी की छह सहित पिछले चुनाव में हारी 14 सीटें जिताने का लें संकल्प
रामलीला मैदान पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने जनसभा को किया संबोधित, सपा सांसद के बहाने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, कहा, सभी को सपने देखने का अधिकार
मुरादाबाद, अमृत विचार। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छह सहित पिछले लोकसभा चुनाव में प्रदेश में हारी 14 सीटें जिताने का संकल्प जनता और पार्टी पदाधिकारियों को दिलाया। विधानसभा चुनाव में मुरादाबाद जिले में अपेक्षित सफलता न मिलने पर जनसभा संबोधन में उनका दर्द छलका। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नौ साल के कार्यकाल में दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रभावशाली लीडर मान रही है। सपा के सांसद डॉ. एसटी हसन के द्वारा अखिलेश यादव को 2024 में प्रधानमंत्री पद का दावेदार बताने पर उन्होंने तंज कसा। कहा कि सपने देखने का अधिकार सभी को है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 9 साल का कार्यकाल पूरा होने पर महासंपर्क अभियान के क्रम में मंगलवार को भूपेंद्र सिंह चौधरी रामलीला मैदान पर जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मुरादाबाद, अमरोहा, संभल सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश की छह सीटों की हार की टीस जताई। कहा कि पार्टी ने उनके सहित चार लोगों को इस क्षेत्र से विधान परिषद में जाने का अवसर दिया है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले कार्यकाल में तीन विश्वविद्यालय खोले। इस कार्यकाल में मुरादाबाद में विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा कर बजट में धन जारी किया। सड़कों का जाल बिछाकर जिले से देश के मुख्य शहरों को जोड़ा गया है। रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र कर रूस के साथ मजबूत संबंध की याद दिलाई। कोविड संक्रमण से सरकार सफलतापूर्वक निपटने में सफल रही। कहा कि प्रदेश अपराधमुक्त है, दुनिया में योगी मॉडल की चर्चा हो रही है। दुनिया के देश निवेश करने के लिए उत्तम प्रदेश में आ रहे हैं। यह मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच है। उन्होंने लोकसभा चुनाव से पहले विपक्षी एकता को हवाई बताया।
विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान ने कहा कि 2014 के बाद और उसके पहले का अंतर साफ दिख रहा है। केंद्र सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने नौ साल में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण किया है। उन्होंने महिला सशक्तीकरण योजनाओं को उनके उत्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताई। पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह ने बताया कि उन्हें पांच साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कार्य करने का अवसर मिला है।
प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य सतपाल सैनी ने भी केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धि गिनाई। महापौर विनोद अग्रवाल ने 2024 लोकसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत की जीत के साथ फिर से नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया। नगर विधायक रितेश गुप्ता ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में अगले साल भाजपा प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतेगी।
प्रदेश महामंत्री व एमएलसी सुभाष यदुवंश ने गोरखपुर के मनबेला में 2014 में नरेंद्र मोदी के भाषण की याद दिलाई। कहा कि आज विश्व को पता चल गया है कि 56 इंच के सीना का क्या मतलब होता है।
पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र के अध्यक्ष सतेंद्र सिसौदिया ने प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में 80 लोकसभा सीटें जिताने के लिए लोगों को एकजुटता से कार्य करने का आह्वान किया। जनसभा को विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने भी संबोधित किया। संचालन गिरीश वर्मा ने किया।
इस दौरान क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, विधायक सुशांत सिंह, महानगर प्रभारी वाईपी सिंह, जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह चौहान, संभल की जिला पंचायत अध्यक्ष अनामिका यादव, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, साध्वी गीता प्रधान, जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन विजयभान सिंह, डॉ. विशेष गुप्ता, लोकसभा प्रभारी अशोक पाल, ब्लॉक प्रमुख मनीष सिंह व संतोष सिंह, राजेश चुन्नू, दिनेश सिसोदिया, विशाल त्यागी, चकित चौधरी, राजन विश्नोई, चंद्रपाल सैनी, हरज्ञान सिंह, कमल प्रजापति, श्याम बिहारी शर्मा, कमल गुलाटी, दिनेश शीर्षवाल, नत्थू राम कश्यप, निमित जायसवाल, राजीव गुप्ता, राहुल सेठी, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका, अनुराग सिंह, भूदेव सिंह, डा. केके मिश्रा, अजय प्रताप सिंह आदि उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : वाहन मालिकों को बड़ी राहत, कोर्ट की कार्रवाई में उलझे लंबित चालान होंगे निरस्त
