बरेली: याचिका खारिज...हनीफ ही रहेंगे रजपुरा माफी के प्रधान, जानिए पूरा मामला
बरेली, अमृत विचार। बिथरी चैनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत रजपुरा माफी के प्रधान मोहम्मद हनीफ को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। पंचायत चुनाव में पांच वोट से हारे प्रत्याशी ओमप्रकाश की ओर से दायर चुनाव याचिका पर वोटों की दोबारा जांच हुई लेकिन कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई।
दरअसल, 2021 में हुए पंचायत चुनाव में रजपुरा माफी में प्रधानी के छह प्रत्याशी थे। इनमें 328 वोट पाकर मो. हनीफ निर्वाचित हुए थे, उनके निकट प्रतिद्वंद्वी ओमप्रकाश को 323 वोट मिले थे। कुल पड़े एक हजार वोटों में से 27 निरस्त किए गए थे। ओमप्रकाश ने मतगणना में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए 19 मई 2021 को एसडीएम कोर्ट में चुनाव याचिका दायर कर पुनर्मतगणना की मांग की थी।
मंगलवार को एसडीएम प्रत्यूष पांडेय ने दोनों पक्ष और उनके वकीलों की मौजूदगी में निरस्त वोटों की जांच की। इसमें कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई। सभी पड़े वोट वैध पाए गए। उल्टे मो. हनीफ का एक वोट बढ़ा पाया गया। कोर्ट ने ओमप्रकाश की याचिका को खारिज कर दी।
यह भी पढ़ें- बरेली: 'मैंने शादी करके गलती कर दी', कासगंज में तैनात मुख्य आरक्षी ने फंदा लगाकर दी जान
