संभल: सिपाहियों को बंधक बनाकर पीटने में झोलाछाप सहित चार गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला
लेनदेन को लेकर हुए विवाद की जांच के लिए पहुंचे थे दो कांस्टेबल
संभल/सिरसी, अमृत विचार। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव में मारपीट के मामले की जांच के लिए पहुंचे दो सिपाहियों को आरोपी झोलाछाप व उसके समर्थकों ने घर में बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। करीब एक घंटे बाद थाने से पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने सिपाहियों को बंधन मुक्त कराया। पुलिस ने झोलाछाप समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
थाना क्षेत्र के गांव बैटला निवासी बढ़ई नाजिम ने गांव के ही झोलाछाप सलीम का सोफा बनाने के लिए 1600 रुपये में काम तय किया था। सोफा बनाने के बाद नाजिम को 900 रुपये दिए । सोमवार को नाजिम बाकी रुपये लेने सलीम के घर पहुंचा और बच्चे की तबीयत खराब होने की बात कही।
सलीम ने पैसे के एवज बच्चे के लिए दवा दे दी। इस दवा से बच्चे की हालत और बिगड़ गई। नाजिम फिर सलीम के घर पहुंचा। सलीम व उसके परिवार के लोगों ने नाजिम के साथ मारपीट की। इसके बाद नाजिम ने हजरतनगर गढ़ी पुलिस को तहरीर दी।
जांच के लिए मंगलवार को चौकी फतेह उल्लाह गंज से सिपाही आशुतोष और अर्जुन झोलाछाप सलीम के घर गए। सलीम ने बेटों व समर्थकों के साथ मिलकर दोनों सिपाहियों के पहले मोबाइल छीने और फिर बंधक बनाकर उनसे मारपीट की। किसी ने इसकी सूचना हजरतनगर गढ़ी थाने में दी।
इसके बाद थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों सिपाहियों को बंधन मुक्त कराया। सीओ जितेंद्र सरगम ने बताया कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी झोलाछाप सलीम, हसीब, गय्यूर और नूर हसन को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- संभल: बाल काटने से मना करने पर भड़का वाल्मीकि समाज, दी आंदोलन की चेतावनी
