International Yoga Day 2023: प्रयागराज के परेड ग्राउंड में हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास
सैंड आर्ट, रंगोली और सेल्फी प्वाइंट रहा आकर्षण का केंद्र
प्रयागराज. अमृत विचार। आज पूरे विश्व में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रयागराज के संगम परेड ग्राउंड, पुलिस लाइन, सेंट्रल जेल नैनी में भी योग दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां करीब 8 से 10 हजार लोगों ने एक साथ योग किया। वहीं सैंड आर्ट व सेल्फी प्वाइंट मुख्य आकर्षण का केन्द्र बना रहा। अलग अलग स्थानों पर सांसद, विधायक, जिलाधिकारी ने भी योगभ्यास किया।
योग दिवस पर भाजपा सांसद डॉ. रीता बहुगुणा जोशी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। यहां प्रशासन और पुलिस के अफसर शामिल हुए। वहीं शहर और गांव में भी योग का आयोजन किया। उत्तर प्रदेश किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य व महामंडलेश्वर कौशल्या नंद गिरि टीना मां समेत सैकड़ों किन्नरों ने योग किया। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री डॉ. कीर्तिका अग्रवाल, भाजपा की प्रदेश मंत्री अनामिका चौधरी के साथ छात्राओं ने सिविल लाइंस स्थित वात्सल्य परिसर में योग किया।

परेड ग्राउंड में हो रहे मुख्य आयोजन के अलावा गंगा और यमुना के सभी 9 घाटों पर योग के कार्यक्रम आयोजित किये गये। शहर के अलावा जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायतों, न्याय पंचायतों, स्थानीय निकायों में भी योग कार्यक्रम आयोजित किये गये। इस बार सरकार ने योग दिवस की थीम ‘‘हर घर-आंगन योग’’ रखा गया है, जिससे योग के माध्यम से प्रत्येक परिवार को स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करने का सन्देश जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के तहत योग करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को आयुष कवच पर योग करते हुए अपनी फोटो अपलोड करने की अपील भी की गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आशु पांडेय ने 35 डाक्टरों और 152 स्वास्थ्य कर्मियों की टीम तैनाती की है। एक दर्जन से अधिक एम्बुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर ली गई है।
वहीं परेड ग्राउंड पर सैंड आर्ट, रंगोली और सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र बना रहा। 9वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में युवाओं की भागेदारी बढ़ाने और योग के संदेश को जन-जन तक तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने संगम किनारे खास इंतजाम किये गये। संगम किनारे सैंड आर्ट तैयार करने के लिए फाइन आर्ट स्टूडेंट्स की तीन टीमे लगाईं गयी हैं। योग दिवस की यादो को संजोये रखने के लिए कुल 9 सेल्फी प्वाइंट बनाये गए हैं।
यह भी पढ़ें:-International Yoga Day 2023: मुख्यमंत्री योगी ने गोरखनाथ मंदिर और राज्यपाल ने राजभवन में किया योग
