अयोध्या : राशन की कीमतों में उछाल से रसोई बोझिल, गरीबों की थाली से दाल गायब

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, अयोध्या । दाल की कीमतों में तेजी से उछाल देखने को मिल रहा है। जिससे आम आदमी के थाली से दाल गायब हो गई है। होटलों पर दाल फ्राई के रेट बढ़ा दिए गए हैं। महंगाई के चलते बिक्री पर भी असर पड़ा है। हालांकि इस समय अधिकांश सब्जियां सस्ती हैं। इससे लोगों को राहत है।

गरीब तबके के लोगों के यहां अरहर की दाल बनना बंद हो गई है। बाजार में दालों की कीमतें आसमान छू रही हैं। किराना व्यापारी अशोक ने बताया कि अरहर की दाल के दामों में दो तीन बार में करीब 50 रुपए प्रति किलो की वृद्धि हुई है। 100 रुपए से बढ़ती हुई दाल 150 रुपए पर पहुंच गई है। जबकि ब्रांडेड दाल 160 रुपए प्रति किलो बिक रही है। मूंग की दाल 80 से बढ़कर 110 रुपए किलो हो गई है। छोले 120 वाले 140 रुपए प्रति किलो बिक रहे हैं। उड़द की दाल 20 रुपए बढ़कर 120 रुपए पहुंच गए हैं। गरीब तबके के लोगों ने इस समय खासकर अरहर की दाल से दूरी बना ली है।

दाल के साथ तड़का लगाना हुआ महंगा

होटलों पर सबसे अधिक अरहर दाल की डिमांड रहती है। लगभग सभी होटलों पर लोग तड़के वाली दाल अधिक पसंद करते हैं। अरहर की दाल जहां करीब डेढ़ गुनी रेट पर पहुंच गई है। तड़का लगाने वाला जीरा भी भाव खा रहा है। बाजार में जीरा की कीमत 280 रुपए से बढ़कर 550 रुपए किलो पहुंच गई है। जिससे दाल में तड़का लगाना भी महंगा हो गया है। होटल संचालक तड़के वाली दाल के 15 रुपये वसूल रहे थे अब 22 रुपये ले रहे हैं।

ये भी पढ़ें - आजमगढ़ : पुरानी कोतवाली निवासी युवक का ननिहाल में संदिग्ध अवस्था में मौत, पुलिस कर रही मामले की जांच

संबंधित समाचार