चित्रकूट : कार्यभार न ग्रहण करने पर समाप्त होगी डाक्टर की सेवा, डीएम ने जाहिर की नाराजगी
चित्रकूट, अमृत विचार। दायित्वों के निर्वहन को लेकर जिम्मेदारों की लापरवाही पर जिलाधिकारी अभिषेक आनंद की नाराजगी जारी है। बुधवार को जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय की बैठक में डीएम ने सीएमओ डा. भूपेश द्विवेदी को निर्देश दिए कि डॉ. गणेश सिंह का राजापुर से जिला अस्पताल स्थानांतरण किए जाने के बाद भी अभी तक कार्यभार ग्रहण नहीं किए जाने पर इनकी सेवा समाप्ति की कार्यवाही सुनिश्चित कराएं। उन्होंने चिकित्सक के छह माह का डाटा भी देने को निर्देशित किया।
डीएम ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि एमसीएच विंग खोह का संचालन लगभग एक माह हो गए पर अभी तक यहां एक भी सिजेरियन नहीं हुआ। सर्जन डा. विद्यासागर का स्थानांतरण सीएचसी मऊ से खोह किया गया लेकिन उनके द्वारा एक भी सिजेरियन नहीं किया गया है। सीएमओ को इनका वेतन रोके जाने के निर्देश दिए। डीएम ने जिला अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड की व्यवस्था कराने, कंप्यूटराइज्ड पर्चे से सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवा वितरण कराने, दृष्टिहीनता एवं दृष्टि दोष नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत सद्गुरु सेवा संघ जानकी कुंड से समन्वय स्थापित करके शिविर आयोजित कराने व संविदा चिकित्सकों की भर्ती की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।
डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जारी धनराशि से खरीदारी के संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारियों से मांग करके पत्रावली प्रस्तुत करें। शासन की गाइडलाइन के आधार पर धनराशि खर्च की जाए। डीएम ने एनआरएचएम के अंतर्गत संविदाकर्मियों की भर्ती के लिए शासन को पत्र भेजे जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन आशा कार्यकर्ताओं की मृत्यु के बाद उनके परिजनों को बीमा आदि नहीं मिला, संबंधित बैंक से संपर्क करके दिलाया जाए। उन्होंने लापरवाही बरतने पर डीसीपीएम विकास कुशवाहा का मानदेय रोकने के निर्देश सीएमओ को दिए।
इसके अलावा कंपोजिट रैंकिंग,एफआरयू में प्रगति कम होने पर जनपद की रैंकिंग में कमी आने पर प्रभारी चिकित्साधिकारी मानिकपुर तथा आईओ सरैया का माह जून का वेतन रोके जाने के लिए भी निर्देशित किया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमृतपाल कौर, मुख्य चिकित्साधीक्षक जिला अस्पताल डॉ. सुधीर कुमार, अधीक्षक एमसीएच बिंग खोह डॉक्टर ओपी भास्कर, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. इम्तियाज, जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र स्वरूप, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी मुकेश पहाड़िया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक आरके करवरिया सहित संबंधित अधिकारी, प्रभारी चिकित्साधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -Jalaun Encounter : 25 हजार का ईनामी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो घायल
