ठगी : रोजगार मेले में ज्वाइनिंग लेटर के बदले वसूले रुपये, बताए गए पते पर नहीं मिली कंपनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिला सेवायोजन अधिकारी बोली शिकायत मिली तो डिबार कराई गई कंपनी

सूरतगंज/ बाराबंकी, अमृत विचार। बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगने वाले रोजगार मेले में युवाओं के साथ ठगी का मामला सामने आया है। एक कंपनी के कर्मचारी ने सात-सात हजार रुपये तीन किस्तों में लेकर ज्वाइनिंग लेटर थमा दिया। मगर, जब युवा ज्वाइनिंग लेटर में दिए पते पर पहुंचे तो वहां कंपनी बंद मिली। इसको लेकर परेशान युवाओं ने पुलिस के साथ जिला सेवायोजन कार्यालय में की। मगर, पुलिस ने नहीं सुनी तो युवाओं ने मामले की शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर की है। हालांकि जिला सेवायोजन कार्यालय ने निदेशालय को मामले से अवगत कराते हुए कंपनी को डिबार करा दिया है।
 
सरकार बेरोजगार युवकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए निश्शुल्क रोजगार मेले का आयोजन करती है। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई एवं अन्य तकनीकि योग्यता रखने वाले युवाओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराती है। इसी के तहत 25 मार्च 2023 को रामनगर के महादेवा स्थित आडीटोरियम में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में सांसद उपेंद्र सिंह रावत ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।  

इस रोजगार मेले में आवेदन करने वाले मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बुढनापुर गांव निवासी बलराम पाल,ओम प्रकाश एवं विनोद कुमार पाल से कानपुर व लखनऊ में स्थित या एलईडी बल्ब कंपनी की ओर से  अन्य युवाओं के साथ इन लोगों को भी नौकरी का ज्वाइनिंग लेटर थमा दिया। इसके एवज में कम्पनी कर्मचारी राहुल सिंह ने तीन बार में सात-सात हजार रुपये भी वसूले। उसके बाद युवा मिले नियुक्ति पत्र के साथ मटियारी स्थित कंपनी के बताए पते पर पहुंचे तो वहां इस नाम की कोई कंपनी ही नहीं थी। इतना ही नहीं नियुक्ति पत्र पर दिए दूरभाष नंबर से भी संपर्क नहीं हो सका। इस पर युवाओं को लगा कि वह ठगी का शिकार हो गए। उसके बाद युवाओं ने स्थानीय सूरतगंज चौकी पर मामले की शिकायत की। 

मगर, पुलिस ने नहीं सुनी तो पीडि़त युवाओं ने आईजीआरएस पोर्टल के साथ जिला सेवा योजन कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की। उनके साथ ठगी का शिकार राजाराम और उमा शंकर भी पहुंचे। इस बारे में चौकी प्रभारी संदीप दुबे ने बताया कि कुछ बेरोजगारों ने आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत की है। घटना स्थल रामनगर थाने के महादेवा में होने के कारण उन्हें रामनगर थाने में शिकायत दर्ज कराने की शिकायत दी गई है।  

डिबार की गई कंपनी 
रोजगार मेला निश्शुल्क होने की बात बार-बार दोहराई जाती है। इसके बाद भी कुछ युवाओं से श्रेया एलईडी कंपनी के द्वारा रुपये लेने की शिकायत मिली है। इसके संबंध में निदेशालय को सूचित करने के साथ ही श्रेया एलईडी कंपनी को डिबार करा दिया गया है। कंपनी के इस कृत्य की जांच भी की जा रही है। 
देवव्रत कुमार, जिला सेवायोजन अधिकारी, बाराबंकी

ये भी पढ़ें -चित्रकूट : कार्यभार न ग्रहण करने पर समाप्त होगी डाक्टर की सेवा, डीएम ने जाहिर की नाराजगी

संबंधित समाचार